-शराब की दुकानों का आबकारी विभाग की टीम ने किया औचक निरीक्षण
-विक्रेताओं को दिए नियमानुसार बिक्री करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिला आबकारी विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ रखा है, जिसका असर अब नजर आने लगा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चल रही यह सख्त मुहिम जिले को अवैध शराब से पूरी तरह मुक्त कराने की दिशा में निर्णायक साबित हो रही है। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद जिले में पुराने और नए अनुज्ञापियों को शराब और भांग की दुकानें आवंटित की गई हैं। इन दुकानों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के साथ-साथ विक्रेताओं को नियमानुसार बिक्री के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। आबकारी विभाग ने सभी विक्रेताओं को दो टूक हिदायत दी है कि यदि किसी ग्राहक से शराब की एमआरपी से एक रुपये भी अधिक लिया गया, तो न सिर्फ जेल की कार्रवाई की जाएगी बल्कि दुकान का लाइसेंस भी तत्काल रद्द कर दिया जाएगा। विभाग की टीमें लगातार क्षेत्रवार औचक निरीक्षण कर रही हैं।
गुप्त रूप से ‘टेस्ट परचेजिंगÓ के जरिये यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कहीं भी ओवररेटिंग या अवैध बिक्री न हो रही हो। इसके साथ ही शराब खरीदने आने वाले ग्राहकों से फीडबैक लेकर विक्रेताओं की कार्यशैली पर नजर रखी जा रही है। मंगलवार रात को सोरखा, सलारपुर, बरौला, घोड़ी बछेड़ा 1, घोड़ी बछेड़ा 2, मथुरापुर ओमिक्रोन 1/2 स्थित देशी, विदेशी एवं बियर की दुकानों आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, गौरव चन्द, डॉ शिखा ठाकुर, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह, नामवर सिंह और रवि जायसवाल की संयुक्त टीमों ने छापेमारी की। दुकानों पर उपलब्ध शराब की बोतलों की जांच की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं दुकानें तय समय के बाद तो नहीं खुली हैं। साथ ही दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई।
पॉश मशीन से स्कैन करने के बाद ही शराब की बिक्री करें। इसके अलावा शराब दुकानों के आसपास देर रात तक खुली खाद्य पदार्थ की दुकानों की भी जांच की गई, ताकि अवैध बिक्री की कोई गुंजाइश न बचे। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हमारा उद्देश्य जिले को पूरी तरह अवैध शराब से मुक्त करना है। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और निगरानी और कड़ी की जाएगी। जिले में यह अभियान न केवल अवैध शराब पर करारा प्रहार है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि गौतमबुद्ध नगर प्रशासन पारदर्शिता, कानून व्यवस्था और जनहित को सर्वोपरि मानते हुए सख्ती से कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
दो तस्कर गिरफ्तार, 65 पौवे देशी शराब बरामद
जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई की। थाना बादलपुर क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से कुल 65 पौवे मिस इंडिया ब्रांड की अवैध देशी शराब बरामद की गई है, जो यूपी मार्का के तहत पाई गई। आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और थाना बादलपुर पुलिस की टीम ने सोमवार रात को अंबेडकर पार्क के पास स्थित सर्विस रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान इरशाद पुत्र भूरा, निवासी वार्ड नंबर-14, वेब सिटी डासना को शराब की तस्करी करते हुए दबोच लिया गया। उसके पास से 32 पौवे अवैध देशी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि इरशाद लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद कर, दुकानों के बंद होने के बाद उसे ऊंचे दामों पर बेचता था। इसी क्रम में दूसरी टीम ने डासना निवासी आसिफ पुत्र अजमेरी को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 33 पौवे अवैध देशी शराब मिली। दोनों तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत थाना बादलपुर में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले को अवैध शराब से मुक्त कराने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि अवैध शराब बेचने या तस्करी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण और दबिश का सिलसिला जारी रहेगा।


















