शहर की गंदगी को दूर कर निगम ने हरियाली की ओर बढ़ाया कदम

रहीसपुर गांव में मियावाकी पद्धति से 7 हजार रोपित किए पौधे

गाजियाबाद। शहर की हरियाली बढ़ाने के लिए नगर निगम जापानी पद्धति मियावाकी की तर्ज पर लगातार पौधारोपण अभियान चला रहा है। जिससे शहर की गंदगी को समाप्त कर उसे स्वच्छ, सुंदर और हरियाली युक्त बनाया जा सकें। इसी क्रम में शहर से कचरे को हटाकर मंगलवार को नगर निगम की खाली पड़ी भूमि पर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने उद्यान विभाग प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश सिंह के साथ पौधा रोपण किया। साथ ही निर्देश दिए कि नगर निगम की खाली भूमि को चिन्हित कर स्वच्छ वातावरण के लिए पौधारोपण के लिए इस्तेमाल करें।


उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया शहर में कई स्थानों पर मियावाकी पद्धति से पौधारोपण किए जा रहे है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए कवि नगर जोन के रहीसपुर गांव में पौधारोपण अभियान चलाया गया। निगम की 2300 वर्ग मीटर रिक्त पड़ी भूमि पर सफाई अभियान चलाते हुए पौधारोपण के लिए तैयार किया गया। जिस पर नगर आयुक्त ने पौधारोपण कर शुभारंभ किया। टीम द्वारा 7000 पौधे लगाए गए। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर और हरियाली युक्त बनाने के नगर निगम की खाली भूमि को चिन्हित कर उस पर पौधा रोपित किया जा रहा है। साथ ही इसकी रखवाली के लिए मालियों को भी सख्त निर्देश दिए गये है।


नगर आयुक्त ने सभी को स्वच्छ पर्यावरण के लिए उत्साहित किया और शहर में अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय निवासियों ने भी नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।