पॉश कॉलोनी में डबल मर्डर से मचा हड़कंप
नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में वृद्ध दंपति की हत्या कर दी गई। दोहरे हत्याकांड से एकाएक सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के कमरे और बेसमेंट से दोनों शव बरामद किए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में भवन संख्या आई-24 में यह सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। वहां वृद्ध नरेंद्र नाथ (72) अपनी पत्नी के साथ रहते थे। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर आ पहुंची। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के लिए डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिंक टीम को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मालूम पड़ा है कि वृद्ध दंपति की हत्या गला दबाकर की गई है। वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका से पुलिस ने इंकार नहीं किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि इस दंपति ने कुछ नागरिकों को ब्याज पर पैसा दे रखा था। वृद्धा सुमन भारती योग संस्थान में योगा प्रशिक्षक थीं। जबकि नरेंद्र नाथ दिल्ली में कारोबार करते थे। पुलिस ने बताया कि नरेंद्र का शव मकान के बेसमेंट में और सुमन का शव कमरे में पड़ा मिला है। नरेंद्र के पैर टेप से बांधे गए थे। पुलिस ने बताया कि वृद्ध दंपति का बेटा रोहित शादीशुदा है। वह परिवार के साथ एडब्ल्यूओ सोसायटी में रहता है। बेटे रोहित की मां सुमन से देर रात 11 बजे फोन पर बात हुई थी। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। अलग-अलग एंगल से पुलिस जांच कर वारदात का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
















