संसद में उखड़े कृषि मंत्री, सांसद को फटकारा

कांग्रेस सदस्य को कानून पढ़ने की नसीहत दी

नई दिल्ली। किसान आंदोलन से इतर नए कृषि कानूनों पर शुक्रवार को राज्य सभा में चर्चा हुई। चर्चा के दौरान कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एकाएक उखड़ गए। बार-बार टोका-टोकी किए जाने से खफा कृषि मंत्री ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की क्लास लगा दी। कृषि मंत्री सिंह ने सांसद हुड्डा को कानून पढ़कर आने की नसीहत दे डाली। ऐसे में कुछ समय तक राज्य सभा का माहौल गरमाया रहा। राज्य सभा में चर्चा के दरम्यान कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा बार-बार आपत्ति जता रहे थे। इससे कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मूड अचानक उखड़ गया। वह आक्रोशित हो उठे। उन्होंने कांग्रेस सांसद हुड्डा को फटकार तक लगा दी। कृषि मंत्री तोमर ने गुस्से में कहा कि कान खोलकर सुनो और अगली बार जब कृषि पर बहस हो तो पढ़कर आना। दरअसल कृषि मंत्री तोमर ने केंद्र सरकार के कांट्रैक्ट फार्मिंग कानूनों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंजाब के कांट्रैक्ट फार्मिंग कानून के तहत किसानों के जेल जाने और 5 लाख के जुर्माने का प्रावधान है। जबकि केंद्र सरकार के नए कानून में किसानों को पूरी छूट है कि वह जब चाहें, तब कांट्रैक्ट से खुद को अलग कर सकते हैं। जबकि पूरा पैसा दिए बगैर संबंधित कंपनी कांट्रैक्ट से अलग नहीं हो सकती है। कृषि मंत्री तोमर के इस बयान पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विरोध जताया। सांसद हुड्डा ने झूठ बोले जाने की बात कही। जिस पर कृषि मंत्री ने पंजाब के कानूनों की प्रति को सदन में लहरा कर कहा कि कान खोलकर सुनो और अगली बार जब कृषि कानूनों पर बहस हो तो पढ़कर आना। उन्होंने कहा कि पंजाब व हरियाणा सहित करीब 20-22 राज्य ऐसे हैं, जिन्होंने कांट्रैक्ट फार्मिंग को लेकर नए कानून बनाए हैं अथवा ऐसा प्रावधान किया है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ काफी समय से किसानों का आंदोलन चल रहा है।