गाजियाबाद में 77 वें स्वतंत्रता दिवस की चहुंओर धूम

-भारत माता की जय-वंदे मातरम से गुंजायान
-मोदी व योगी के नेतृत्व में विकास की बुलंदियों को छू देश-प्रदेश: नरेन्द्र कश्यप

गाजियाबाद। जिले में 77वें स्वतंत्रता दिवस की चहुंओर धूम रही। भारत माता की जय और वंदे मातरम का जयघोष करते हुए युवाओं की टोलियां राष्ट्रीय पर्व पर सड़कों पर दिखाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जहां लाइव प्रसारण विकास भवन सभागार में दिखाया गया। वहीं, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों को देशभक्ति की शपथ दिलाई। राज्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित परिसर में ध्वजारोहण किया। विकास भवन के प्रांगण में मेरी माटी मेरा देश, स्वतंत्रता दिवस एवं अमृत महोत्सव का समापन कार्यक्रम पर केडीबी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया। बच्चों ने मनमोहक राष्ट्रगीत गाकर उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध किया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश विकास की बुलंदियों को छू रहा है। उत्तर प्रदेश जिसे कभी बीमारू राज्य कहा जाता था। वर्तमान में उसे उत्तम प्रदेश के नाम से जाना जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। हम सभी को शपथ लेनी चाहिए कि हम प्रदेश एवं देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।

उन्होंने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रतिभा के धनी हैं। 24 घंटे जनपद के विकास करने के लिए तत्पर रहते है। युवाओं को उनसे प्ररेणा लेनी चाहिए।लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि हम सभी को देश के प्रति ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करना चाहिए। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने राष्ट्रध्वज तिरंगा के सभी रंगों का विश्लेषण कर बताया कि केसरिया रंग शौर्य, सफेद रंग शांति और हरा रंग समृद्धि का प्रतीक है। देश अन्य देशों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है।प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है।सीडीओ ने कहा कि हमें अपने कतज़्व्यों के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी समझते हुए कार्य करना चाहिए। इस मौके पर एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. भवतोश शंखधर,परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित,सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल,राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र हितकारी, राज्यमंत्री प्रतिनिधि सौरभ जायसवाल, विशाल कश्यप, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

शहीदों को याद कर किया पौधारोपण:
स्वतंत्रता दिवस पर मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम जिला प्रशासन, नगर निगम और सिविल डिफेंस की ओर से मनन धाम स्थित शहीद स्थल पर मनाया गया। शहीदों को याद कर पौधारापेण भी किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि युवाओं के राष्ट्र प्रेम की भावना से ही देश वर्ष-2047 तक पूर्ण रूप से विकसित राष्ट्र हो जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंंह ने शहीदों को याद करते हुए मेरी माटी मेरा देश एवं स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह,प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप, महापौर सुनीता दयाल, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ आदि ने शहीद स्थल पर पहुंचकर शहीदों के शिलाफलकम पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इसके बाद मंत्री एवं महापौर ने शहीद स्थल पर ध्वजारोहण किया।

वंदे मातरम व राष्ट्रगान गाया गया। भारत माता की जय के नारों से स्थल गूंज उठा। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने उपस्थित लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद सभी शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर,तुलसी के पौधे और मिठाई भेंटकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि युवाओं सहित हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि हम देश के प्रति ईमानदारी, श्रद्धा, राष्ट्र भाव रखते हुए अपने कार्यों को निष्ठा के साथ पूरा करेंगे। नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने कहा कि नगर निगम द्वारा लगातार शहर में बेहतर तरीके से विकास कार्य कराए  जा रहे है। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की नंबर-1 रैंकिंग प्राप्त करने के लिए प्रयास जारी है। कार्यक्रम के अंत में 75 पौधे रोपित किए गए। इस दौरान डीएम, नगर आयुक्त, एसडीएम, एसडीएम, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल,डिप्टी चीफ वार्डन अनिल अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।