उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वक्फ अधिनियम में संशोधन से गरीब, पिछड़े, वंचित और पसमांदा मुसलमानों के हक में है। इसका मकसद उन्हें सशक्त बनाना हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांगे्रस और समाजवादी पार्टी मुसलमानों का विकास नहीं चाहती है। इस कारण संशोधन का विरोध करते हुए भ्रम फैला रही है। भाजपा ने वक्फ कानून में संशोधन को लेकर जनजागरण अभियान चला रखा है। इसके अतंर्गत ही प्रदेश मंत्री दानिश आजाद अंसारी मंगलवार को गाजियाबाद पहुंचे थे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम-2025 एक ऐतिहासिक और आवश्यक कदम है,जो वक्फ संपत्तियों की मनमानी लूट, अतिक्रमण और पारदर्शिता की कमी जैसे पुराने मुद्दों का समाधान करेगा। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अब व्यवस्था को न्यायसंगत, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब वक्फ घोषित करने से पहले 90 दिन की सार्वजनिक सूचना,सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और महिलाओं के अधिकारों की स्पष्ट मान्यता सुनिश्चित की गई है।
साथ ही, वक्फ संपत्तियों का डिजिटल पोर्टल तैयार किया जा रहा है। जिससे पारदर्शिता और निगरानी में अभूतपूर्व सुधार होगा। विधायक अजितपाल त्यागी ने कहा कि वक्फ संपत्तियों का मुद्दा अब सिर्फ मुस्लिम समुदाय का नहीं,बल्कि यह संविधान के तहत हर नागरिक के संपत्ति अधिकारों,धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय के साथ जुड़ा विषय है। उन्होंने आगे कहा कि गाजियाबाद में भी ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं,जहां बिना सूचना दुकानें और जमीन वक्फ घोषित कर दी गईं। भाजपा का प्रयास है कि ऐसी मनमानी पूरी तरह से रूके। प्रत्येक नागरिक को न्याय मिले। नेहरूनगर स्थित भाजपा के महानगर कार्यालय पर मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले का सरकार करारा जवाब देगी। भारत का कद विश्व में लगातार बढ़ रहा है। कुछ लोग विकसित भारत को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन यह रूकने वाला नहीं है। हर हमले का जवाब जरूर देगा। मोदी सरकार आतंकियों के इस कायराना हरकत का जवाब देगी। सरकार प्रत्येक बिंदुओं पर मंथन कर रही हैं।
वहीं, मंगलवार को आरडीसी स्थित कार्यालय पर भाजपा की महानगर इकाई द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की। कार्यशाला का प्रदेश सरकार राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कार्यशाला की आवश्यकता और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह वक्फ अधिनियम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम अल्पसंख्यक समुदाय की संपत्तियों की सुरक्षा और उपयोगिता को लेकर ऐतिहासिक कदम है। यह अधिनियम पारदर्शिता,जवाबदेही और विकास को बढ़ावा देगा। केंद्र एवं राज्य सरकारें अल्पसंख्यकों के हक में पूरी निष्ठा से कार्य कर रही हैं। इस अधिनियम के माध्यम से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और वास्तविक हकदारों को लाभ मिलेगा।
पूर्व अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार एसपी सिंह ने कहा यह अधिनियम वक्फ संपत्तियों के सही उपयोग का मार्ग प्रशस्त करेगा। वर्षों से लंबित मुद्दों को सुलझाने का यह प्रयास स्वागत योग्य है। इससे पूर्व भाजपा महानगर कार्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। पूर्व महापौर आशा शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग को न्याय देना है। वक्फ अधिनियम में संशोधन इसी दिशा में एक मजबूत कदम है। सहकारी बैंक के चेयरमैन कृष्ण वीर चौधरी ने कहा कि संपत्ति संबंधी पारदर्शिता और सुशासन लाना सरकार की प्राथमिकता है। वक्फ अधिनियम में संशोधन इसका प्रमाण है। इस अवसर पर मंचासीन महेश अग्रवाल, हाजी जमालुद्दीन,रीना,सुशील गौतम,पूर्व विधायक कृष्णवीर सिरोही,बॉबी त्यागी, राजेश त्यागी,पूनम सिंह,गुंजन शर्मा,नीरज त्यागी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक ललित कश्यप,अमित रंजन,डॉ.नदीम कुरैशी,विनोद,सरदार बलप्रीत सिंह, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।


















