सीकरी खुर्द में 30 बीघा में 2 अवैध कॉलोनी को जीडीए ने किया ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन अनुभाग की टीम ने मोदीनगर के सीकरी खुर्द में अनाधिकृत रूप से काटी जा रही 30 बीघा क्षेत्रफल में दो अनाधिकृत कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल और सड़क को ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अनाधिकृत कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय वर्मा, अवर अभियंता सचिन अग्रवाल, अवर अभियंता अर्जुन यादव आदि ने जीडीए पुलिस की मौजूदगी में लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में दो अनाधिकृत कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

जीडीए प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र अंतर्गत विकम सिंह पुत्र स्वर्गीय जगमोहन सिंह, विपिन कुमार,संजीव कुमार द्वारा खसरा संख्या-835, ग्राम सीकरी खुर्द, निकट संजीवनी स्टेट कॉलोनी के पास मोदीनगर पर लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत कॉलोनी काटी जा रही है। यहां पर अवैध प्लॉटिंग के लिए सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स पूर्व में लगाई गई। वहीं,लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में उक्त तीनों ने मिलकर सड़क बनाने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई थी।

उक्त दोनों अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर कालोनाइजर द्वारा बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क व भूखंडों की बाउंड्रीवाल आदि को ध्वस्त किया गया। इस दौरान कॉलोनाइजर व निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित कर वहां से भगा दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ने मौके ने लोगों को सख्त निर्देश दिए कि बगैर अनुमति के निर्माण को ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी माह में अनाधिकृत कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।