-नागरिकों की सुरक्षा हमारा दायित्व, सुरक्षा में कोई ढील नहीं होगी बर्दाश्त: आलोक प्रियदर्शी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अक्षय तृतीया के पर्व पर कमिश्नरेट पुलिस गाजियाबाद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह कमर कस ली है। जनपद में बुधवार को बाजारों से लेकर मुख्य मार्गों तक सघन पुलिस व्यवस्था रहेगी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (अपराध एवं कानून व्यवस्था) आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र में पैदल मार्च किया गया, जिसमें बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी और कोतवाली प्रभारी अनुराग शर्मा के साथ पुलिस बल ने घंटाघर मार्केट से लेकर नवयुग मार्केट तक पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजारों, प्रमुख गलियों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अक्षय तृतीया जैसे पर्व पर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ती है। हमारी पहली प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा है। सभी एसीपी, थाना प्रभारी और तैनात पुलिसकर्मी लगातार फील्ड में रहेंगे। कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आते ही तत्काल एक्शन लिया जाएगा। सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया कि वे भ्रमणशील रहें, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखने पर तुरंत चेकिंग करें और आवश्यकतानुसार पूछताछ के बाद ही आगे बढऩे दें। इसके अलावा, वाहन चेकिंग अभियान भी लगातार जारी रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा किए जा रहे इन सख्त इंतजामों से आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास बना है। प्रशासन द्वारा त्योहार के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
















