गाजियाबाद। नगर निगम की गांव डूंडाहेड़ा में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बाउंड्रीवाल किए जाने के चलते शुक्रवार को निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर लगभग 500 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। महापौर सुनीता दयाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। शुक्रवार को महापौर सुनीता दयाल के नेहरूनगर स्थित आवास पर गांव डूंडाहेड़ा के लोग मिलने आए थे। उन्होंने महापौर को अवगत कराया कि भू-माफियाओं ने नगर निगम की सरकारी भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। महापौर ने तत्काल संपत्ति प्रभारी एवं अपर नगर आयुक्त अरुण यादव को संपत्ति विभाग की टीम भेजकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने संपत्ति प्रभारी को भू-माफियाओं के विरुद्ध एफआईआर कराने के निर्देश दिए। गांव डूंडाहेड़ा के खसरा संख्या-306 की सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को लेकर मौके पर टीम पहुंची। यहां पर श्याम लाल पुत्र मामचंद निवासी रिछपाल गढ़ी द्वारा निगम की भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। मौके पर संपत्ति विभाग की टीम ने प्रवर्तन दल के साथ करीब 500 वर्ग मीटर भूमि को जेसीबी मशीन के जरिए कब्जा मुक्त कराया गया। वर्तमान में इस जमीन की करीब दो करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत है। महापौर ने कहा कि जमीन पर कब्जा करने वाले के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। भविष्य में भू माफियाओं के खिलाफ ऐसे ही कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
















