वन महोत्सव: गौतम पब्लिक स्कूल के बच्चों में दिखा पर्यावरण संरक्षण का जोश

-पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति लगाए पौधे: पूनम गौतम
-जीवन के लिए बहुत उपयोगी है शुद्ध वायु: तनूजा
-वनों की रक्षा करने से मिलेगी प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति: आशीष गौतम

गाजियाबाद। शहर को हरा भरा रखने के उद्देश्य से गौतम पब्लिक सी. सै. स्कूल पी ब्लॉक प्रताप विहार में शुक्रवार को वन महोत्सव मनाया गया। इसके अंतर्गत स्कूल परिसर व आसपास खाली पड़े क्षेत्रों में औषधीय व वनीय पौधे लगाए गए। पौधारोपण अभियान के जरिए जिला के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने न केवल भिन्न-भिन्न किस्मों के पौधे रोपे बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पूनम गौतम, डायरेक्टर आशीष गौतम, उपप्रधानाचार्य तनूजा, एकेडमिक हेड चेतन शर्मा, निधि शर्मा, रिंकू सिंह, अरुण शर्मा, बरखा व अन्य अध्यापक और छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से स्कूल प्रांगण में पौधा रोपित किया।

प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने वन महोत्सव के बारे बताते हुए कहा प्रकृति सदैव मनुष्य की सहचरी रही है, किंतु जब मनुष्य ने अपने हित के लिए प्रकृति का दोहन आरंभ किया, तो कठिनाई उत्पन्न हो गई और अनेक दुष्परिणाम सामने आए। विश्व ने गंभीरता को समझे, जो बड़ी समस्या बनता जा रहा है। वनों की सुरक्षा के लिए वन महोत्सव की शुरुआत की गई। वन महोत्सव हर साल जुलाई माह में मनाया जाता है। इस महोत्सव की शुरुआत 1950 में की गई थी। यह एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस महोत्सव का उद्देश्य लोगों को वन के प्रति जागरूक करना है।

उपप्रधानाचार्य तनूजा ने कहा पर्यावरण को साफ व स्वच्छ बनाने के लिए पौधे लगाए गए है। इसके साथ ही पौधों का रखरखाव करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बच्चों से यह अपील की कि पौधे लगाने के साथ साथ उनकी देखभाल करें। पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए पौधे अवश्य लगाएं। इस महोत्सव को मनाने को लेकर इसका उद्देश्य वनों की हो रही निरंतर कटाई को रोककर वनों का संरक्षण करना है। वन हमें औषधि, लकड़ी तथा फल और छाया देते है। सबसे महत्वपूर्ण जो हमारे जीवन के लिए बहुत उपयोगी शुद्ध वायु भी हमें वनों से प्राप्त होती है। वन प्रकृति की सुन्दरता और जीवन में रंगीलापन लाते है। आज अपने स्वार्थ के लिए लोग वनों की कटाई कर रहे है। इसलिए उन्हें जागरूक बनाने के लिए चलाई गई पहल वन महोत्सव है।

डायरेक्टर आशीष गौतम ने बताया वन महोत्सव सप्ताह एक अनुस्मारक है कि हमें वनों की रक्षा करनी चाहिए और वनों की कटाई को रोकना चाहिए। वनों की कटाई अत्यधिक चिंताजनक है और वन महोत्सव सप्ताह का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वनों को उगाने और बचाने के लिए एक साथ लाना है। प्रदूषण से रक्षा के लिए पेड़-पौधों की सुरक्षा हर हाल में जरूरी है। इसके लिए पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की दिशा में कार्य करने की जरूरत है। इसके लिए सबको पौधे लगाने की आदत डालनी चाहिए। संबंधित विभाग इस दिशा में गंभीरता से ध्यान दे। इसके लिए देशव्यापी जागरूकता की आवश्यकता है।