प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम ने चलाया अभियान, 12500 वसूला जुर्माना

-अभियान के साथ-साथ प्रतिबंधित प्लास्टिक बहिष्कार के लिए करें जागरूक: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को विजयनगर जोन क्षेत्र में लगभग 6 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त कर 12,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर शहर में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।शनिवार को विजयनगर जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार एवं प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने प्रवर्तन दस्ते की टीम के साथ विजयनगर जोन क्षेत्र के बाजार में अभियान चलाया।

दुकानों से लगभग 6 किलोग्राम पॉलिथीन व अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गईि। दुकानदारों तथा क्षेत्र के लोगों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने के लिए जागरूक भी किया गया। मौके पर ही 12,500 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम को अभियान के दौरान आमजन में जागरूकता फैलाने के भी निर्देश दिए हैं। ताकि प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करें। शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।