प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, जब्त की 300 क्विंटल प्लास्टिक

-व्यापारियों के विरोध के बीच सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध निगम ने चलाया अभियान, नगर आयुक्त बोले गुड
-शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने में साम, दाम-दंड नीति पर करें कार्य: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-छोड़ दे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल, नहीं तो होगी एफआईआर

गाजियाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने फिर से अभियान छेड़ दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक रखने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 300 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया और 1, 58300 रुपए का जुर्माना वसूला गया। प्रतिबंधित होने के बावजूद स्वच्छता तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले प्लास्टिक का उपयोग अभी भी कुछ लोगों द्वारा छुपकर किया जा रहा है। जिनके खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिखावे के लिए दुकानदार ने प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल बिल्कुल भी न करें का बोर्ड लगाया हुआ था, मगर वहीं इसका कारोबार भी कर रहा था।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम के पांचों जोन क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। व्यापारियों के भारी विरोध के चलते सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाया। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने साम-दाम-दंड की नीति पर नगर निगम काम कर रहा है। व्यापारी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें। अन्यथा एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निगम की टीम शहरवासियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का बहिष्कार करने की अपील कर रही है। बुधवार को सिटी जोनल प्रभारी एवं प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने प्रवर्तन दस्ते और पुलिस फोर्स की मौजूदगी में किराना मंडी में अभियान चलाया। वहीं, वसुंधरा जोन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया गया।

स्वास्थ्य विभाग,जोनल प्रभारी की टीम ने सिटी जोन क्षेत्र में किराना मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 लाख रुपए का जुर्माना वसूला। इसके साथ ही करीब 300 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त कर गाड़ी में भरवाया। यहां पर दुकानदारों ने जमकर अभियान का विरोध किया। मगर नगर आयुक्त के निर्देश पर टीम ने कुबेर इंटरनेशनल गोदाम को सील कर दिया।इसके अलावा अन्य दो गोदाम से प्लास्टिक को जब्त किया गया। किराना मंडी में तीन गोदाम ऐसे मिले,जहां पर सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह 120 माइक्रोन से नीचे की थी। इन्हें जब्त किया गया। वसुंधरा जोन क्षेत्र में बाजार में अभियान चलाकर 58,300 रुपए जुर्माना किया गया। लगभग 40 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक दुकानदारों से जब्त की गई।

प्लास्टिक फ्री बनाने में निगम का करें सहयोग
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा की सिंगल यूज प्लास्टिक से हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य को काफी नुकसान पहुंचता है। इसलिए प्लास्टिक की जगह कपड़े से निर्मित या जूट के थैले का प्रयोग करें और पर्यावरण को बचाएं तथा आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ भविष्य दें। नगर निगम सीमा अंतर्गत दुकानदार, व्यापारी प्रतिबंधित प्लास्टिक का कोई इस्तेमाल न करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई में व्यापारी वर्ग भी नगर निगम का सहयोग करने की अपील की गई है। नगर आयुक्त ने जहां टीम को अपील करने के लिए निर्देशित किया। वहीं,प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी आदेशित किया है।