-पार्षदों और निगम अधिकारियों ने आय के साधन बढ़ाने को लेकर किया मंथन
-पार्षदों द्वारा बताए गए कार्यों को प्राथमिकता पर कराएं अधिकारी : नगर आयुक्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के विकास को लेकर सभी जोन के पार्षदों ने सोमवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात की। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए मंथन किया। नगर आयुक्त ने पार्षदों द्वारा बताए गए कार्यों को प्राथमिकता पर कराने के लिए अधिकारियों से कहा। नगर आयुक्त ने पार्षदों से कहा कि नगर निगम सदन में जो फैसले लिए गए हैं, उनको लागू किया जाएगा। उन्होंने सभी के सामने विकास का खाका रखा।
गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में शहर के विकास को लेकर पार्षद नगर आयुक्त से मिले। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों की रफ्तार को बढ़ाने के लिए मंथन किया। इसमें अधिक से अधिक विकास कार्यों को कराने पर चर्चा की गई। पार्षदों की बात सुनने के लिए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज, अधिशासी अभियंता जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र चौधरी उपस्थित रहे। पार्षदों ने पूर्व में एक-एक करोड़ के विकास कार्यों के ऐलान को लेकर चर्चा की। नगर आयुक्त ने शहर के विकास को लेकर चल रहे कार्य के बारे में पार्षदों को अवगत कराया।इस पर पार्षदों ने चल रहे कार्यों में सहमति जताई तथा वार्डों में और अधिक विकास के लिए मांग की।
निगम की आय बढ़ाने पर हुई चर्चा
नगर आयुक्त ने निगम की आय बढ़ाने के लिए भी चर्चा की। कहा कि निगम की आय के साधन बढ़ने पर शहर के तथा आंतरिक वार्डों के विकास कार्य बढ़ेंगे। चर्चा हुई कि हाउस टैक्स कलेक्शन की रफ्तार को बढ़ाया जाए। निगम की दुकानों व संपत्तियों पर किराया वसूली को बढ़ाया जाए।
पार्षदों से समन्वय स्थापित करते हुए वार्डों में होंगे विकास कार्य
सभी पार्षदों ने बारी बारी अपने वार्डों की आंतरिक समस्या नगर आयुक्त के समक्ष रखी। इस पर नगर आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को पार्षदों द्वारा बताए गए कार्यों पर कार्यवाही करने के आदेश दिए। कहा कि पार्षदों से समन्वय स्थापित करते हुए वार्डों में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता पर कराया जाए। पार्षदों ने वार्डों में एक-एक करोड़ के कार्यों की बात को लेकर अपनी बात रखी। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि सदन में लिए जाने वाले निर्णय के अनुपालन मे सभी अधिकारी कार्य करेंगे।
46 पार्षदों ने वार्ड के विकास को लेकर रखी बात
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों सहित लगभग 46 पार्षदों ने वार्ड के विकास को लेकर चर्चा की। इसमें मनोज त्यागी वार्ड 56, पवन गौतम वार्ड 24, प्रतिमा शर्मा वार्ड 36, पवित्र देवी वार्ड 44, शीतल वार्ड 09, प्रमोद यादव वार्ड 42, नितिन कुमार वार्ड 31, मदन राय वार्ड 86, पवन गौतम वार्ड 18, सुभाष सिंह वार्ड 32, ओमवीर सिंह वार्ड 30, भारत गौतम वार्ड 3, राधेश्याम त्यागी वार्ड 57, कुलदीप त्यागी वार्ड 69, प्रवीण चौधरी वार्ड 84, सचिन डगर वार्ड 60, भूपेंद्र उपाध्याय वार्ड 41, मनोज पाल वार्ड 38, अनुज त्यागी वार्ड 87, सुमन चौधरी वार्ड 53, जगत वार्ड 23, राहुल शर्मा, मदन राय, रीना चौधरी, पवन यादव, उदित मोहन आदि उपस्थित रहेl




















