-सड़क से लेकर हाईवे तक वाहनों की चेकिंग से स्पीड पर लगी ब्रेक,
-विशेष प्रवर्तन अभियान में आबकारी विभाग की टीम ने कच्ची और नकली शराब के खिलाफ की ताबड़तोड़ छापेमारी
-60 लीटर कच्ची शराब बरामद, 400 किलोग्राम लहन नष्ट करते हुए लोगों को किया जागरूक
उदय भूमि
लखनऊ। नववर्ष को लेकर एक तरफ जहां पुलिस प्रशासन की टीमें पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। तो वहीं दुसरी तरफ आमजन की सुरक्षा को लेकर जिले में आबकारी विभाग की फौज शराब माफिया का सामना करना करने के लिए सड़कों पर पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रही है। जिससे जिले के लोग सुरक्षित और असली शराब का सेवन कर सकें। त्योहार और चुनाव को लेकर आबकारी विभाग की मुसीबत कहें या फिर उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अवैध शराब के कारोबार को रोकना होता है। जिसके लिए आबकारी विभाग की टीमें पूरी तरह से मोर्चा संभाले हुए है। इन सबके बीच में कच्ची शराब के अवैध अड्डों और बिना लाइसेंस के शराब का सेवन करने और लाइसेंसी दुकानों पर ग्राहकों से होने वाली ओवर रेटिंग को रोकने के लिए आबकारी विभाग के साथ प्रवर्तन की टीमें भी कार्रवाई में अपना सहयोग दे रही है। जिसके परिणाम भी सभी के सामने सकारात्मक दिखाई दे रहें है। जिले के लोगों के लिए आबकारी विभाग की टीमें कितना गंभीर है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले करीब एक माह से आबकारी विभाग की टीमें इस कड़ाके की ठंड में भी दिन-रात को भूलकर शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। यह सब इसलिए के आमजन को अवैध शराब के सेवन से बचाया जा सकें।
उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपदीय आबकारी विभाग के साथ प्रवर्तन की टीम द्वारा संयुक्त रुप से अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। सोमवार और मंगलवार को आबकारी निरीक्षकों की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाया गया। आबकारी निरीक्षक लक्ष्मी शंकर बाजपेई, अखिल गुप्ता, आनंद पाठक, निशांत सिंह एवं प्रवर्तन लखनऊ आबकारी निरीक्षक रीता वर्मा, प्रदीप भारती की संयुक्त टीम द्वारा थाना निगोहां अंतर्गत संदिग्ध ग्राम बेनीगंज बछरावा अंतर्गत ग्राम सुदोली और थाना मौरावां अंतर्गत ग्राम असरेंदा में संदिग्ध घरों, संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान टीम को मौके से 60 लीटर कच्ची शराब और 400 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमें दर्ज किए गए। देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार छापेमारी और दबिश दे रही है।
साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध रुप से शराब तस्करी को रोकने के लिए राजमार्ग और राष्ट्रीयमार्गों पर भी चेकिंग बढ़ा दी गई है। बिना चेक किए किसी भी वाहन को लखनऊ में प्रवेश नही होने दिया जा रहा है। जिसके लिए आबकार विभाग की टीमें तीन शिफ्टों में 24 घंटे पहरा दे रही है। इन सबके बीच में आबकारी विभाग की टीमें लाइसेंसी दुकानों और बार, रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर भी चेकिंग कर रही है। आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, विवेक सिंह, रिचा सिंह, शिखर, प्रदीप शुक्ला, अरविंद बघेल, रजनीश प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृति प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, विजय राठी, कौशलेन्द्र रावत, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी की संयुक्त टीम द्वारा जिले की सभी दुकानों की चेकिंग एवं गुप्त टेस्ट परचेजिंग की कार्रवाई की गई। देशी, विदेशी, बिजनौर चौराहा देशी, नाटकुर देशी, विदेशी, पुरानी चुंगी विदेशी, ट्रांसपोर्ट नगर विदेशी, बियर ट्रांसपोर्ट नगर मॉडल शॉप का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोकने के लिए गुप्त रुप से टेस्ट परचेंजिंग की गई। दुकानों पर आवश्यक सभी सूचनाएं लिखने, सीसीटीवी का 24*7 संचालन करने, पॉश मशीन से बिक्री करने, निर्धारित मूल्य पर ही शराब बिक्री करने के लिए निर्देश दिए गए। साथ ही टीम द्वारा लोगों को अवैध शराब के खिलाफ जागरूक करते हुए उनके क्षेत्र के आसपास अवैध शराब से संबंधित मामलों की सूचना देने के लिए अपील की गई। जिससे लोग अवैध शराब के सेवन से बच सकेंं। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



















