इंदिरापुरम कॉलोनी हस्तांतरण होने पर पार्षदों ने महापौर का किया स्वागत

गाजियाबाद। इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम को हस्तांतरण होने पर शनिवार को महापौर सुनीता दयाल का स्थानीय पार्षदों ने धन्यवाद प्रकट करते हुए उनका स्वागत किया। महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम कॉलोनी में भी अब नगर निगम द्वारा चहुंमुखी विकास कार्य कराएं जाएंगे। दरअसल, शुक्रवार को मेरठ में मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे.की अध्यक्षता में हुई जीडीए की 166वीं बोर्ड बैठक में जीडीए ने 185 करोड़ रुपए किश्तों में देने के साथ नगर निगम को इंदिरापुरम कॉलोनी हैंडओवर कर लिया। इंदिरापुरम कॉलोनी नगर निगम के हवाले होने पर क्षेत्र के पार्षदों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल हैं।

महापौर सुनीता दयाल के नेहरूनगर स्थित आवास पर पहुंचकर पार्षदों ने उनका फूल माला पहनाकर स्वागत करते हुए धन्यवाद किया। महापौर ने बताया कि वहां के पार्षदों ने हर बार नगर निगम सदन की बैठक में इंदिरापुरम कॉलोनी को हस्तांतरित करने की मांग उठाते थे। पार्षदों का कहना है कि सदन में अन्य पार्षद मांग को अनसुना करते थे,लेकिन महापौर सुनीता दयाल ऐसी पहली महापौर रही है,जिन्होंने नगर निगम सदन की बैठक में इंदिरापुरम कॉलोनी को  हस्तांतरण का प्रस्ताव चर्चा के लिए रखा। मुख्यमंत्री से भी इस पर वार्ता की।

महापौर की इंदिरापुरम कॉलोनी को हस्तांतरण कराने में अहम भूमिका है। इसको हम सभी पार्षद एवं इंदिरापुरम में रहने वाले लोग हमेशा याद रखेंगे। महापौर ने सभी पार्षदों को बधाई देते कहा कि सभी का कार्यकाल बहुत यादगार बना है।  वहां के पार्षद क्षेत्र की जनता से मिले और उनसे बात करें। नगर निगम वहां चहुंमुखी विकास कार्य कराएगा। इंदिरापुरम भी अब नगर निगम का हिस्सा ही कहलाएगा। इसके हस्तांतरण में सभी ने कार्य किया है। मजबूती से कार्य किया गया। इसका परिणाम सफल हुआ है। स्वागत करने वालों में पार्षद प्रीति जैन,पार्षद धीरज अग्रवाल,हरीश चंद,पार्षद डॉ. अनिल तोमर, पार्षद संजय सिंह, पूर्व पार्षद अभिनव जैन,पार्षद नीरज गोयल आदि उपस्थित रहे।