-दो दिवसीय चयन प्रक्रिया में युवा खिलाडिय़ों को मिलेगा बड़ा मंच
-पूर्व रणजी और आईपीएल खिलाडिय़ों की मौजूदगी से लीग का स्तर होगा ऊंचा
-पूर्व रणजी क्रिकेटर शशिकांत खडेकर की निगरानी में चल रही चयन प्रक्रिया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और स्थानीय खिलाडिय़ों को बड़ा अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही गाजियाबाद प्रीमियर लीग के लिए खिलाडिय़ों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए आरपीएल क्रिकेट मैदान पर लगभग 700 खिलाडिय़ों के चयन परीक्षण आयोजित किए गए, जहां युवा खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गाजियाबाद प्रीमियर लीग में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में खिलाडिय़ों ने पंजीकरण कराया है। इसी क्रम में चयन प्रक्रिया के तहत दो दिवसीय परीक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, जो आज से शुरू होकर कल तक लगातार चलेंगे। उन्होंने कहा कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को पेशेवर क्रिकेट का अनुभव दिलाना और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि चयन परीक्षण का संचालन पूर्व रणजी खिलाड़ी शशिकांत खडेकर की देखरेख में किया जा रहा है।
अनुभवी कोच और पूर्व खिलाड़ी खिलाडिय़ों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण क्षमता और खेल अनुशासन का सूक्ष्म मूल्यांकन कर रहे हैं। मैदान पर सुबह से ही खिलाडिय़ों की लंबी कतारें दिखाई दीं और हर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश करता नजर आया। राकेश मिश्रा ने बताया कि गाजियाबाद प्रीमियर लीग को प्रतिस्पर्धात्मक और उच्च स्तर की बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। लीग में कुल 16 खिलाड़ी गाजियाबाद के बाहर से शामिल किए जाएंगे, जबकि शेष खिलाडिय़ों का चयन पूरी तरह से स्थानीय स्तर पर आयोजित इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता मिलने के साथ-साथ बाहरी अनुभवी खिलाडिय़ों से सीखने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व रणजी ट्रॉफी और इंडियन प्रीमियर लीग में खेल चुके कुछ अनुभवी खिलाड़ी पहले ही लीग में खेलने के लिए चयनित किए जा चुके हैं। इन खिलाडिय़ों की मौजूदगी से प्रतियोगिता का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक होगा तथा युवा खिलाडिय़ों को पेशेवर क्रिकेट की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा। आरपीएल क्रिकेट मैदान पर चल रही चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाडिय़ों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करते नजर आए।
चयनकर्ताओं द्वारा फिटनेस, तकनीकी कौशल, खेल की समझ और मानसिक मजबूती को विशेष रूप से परखा जा रहा है। गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन का मानना है कि इस प्रकार की लीग स्थानीय क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे न केवल खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलता है बल्कि जिले में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। राकेश मिश्रा ने कहा कि एसोसिएशन का लक्ष्य गाजियाबाद को प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं का मजबूत केंद्र बनाना है। उन्होंने खिलाडिय़ों को संदेश देते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जा रही है और केवल प्रदर्शन के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा।
सभी प्रतिभागियों को समान अवसर दिया जा रहा है ताकि योग्य खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का मंच मिल सके। दो दिनों तक चलने वाली इस चयन प्रक्रिया के बाद टीमों का गठन किया जाएगा और गाजियाबाद प्रीमियर लीग का आयोजन भव्य स्तर पर किया जाएगा। खेल प्रेमियों और स्थानीय दर्शकों में भी इस लीग को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजनकर्ताओं का विश्वास है कि यह लीग आने वाले समय में गाजियाबाद की खेल पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगी और यहां से कई प्रतिभाएं बड़े क्रिकेट मंच तक पहुंचेंगी।

















