रात होते ही जिम्स अस्पताल व अट्टा में करते थे दिल्ली-यूपी शराब की तस्करी

अवैध शराब, बीयर समेत दो तस्कर गिरफ्तार, दिल्ली की सस्ती शराब नोएडा में करनी थी सप्लाई

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तस्करों पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग की टीम ताबड़तोड़ छापेमारी एवं दबिश दे रही है। आबकारी विभाग की सख्ती के चलते अवैध शराब का कारोबार करने वाले तस्करों में हड़कंप सा मच गया है। दरअसल शराब तस्कर अवैध शराब का कारोबार करने के लिए बाहरी राज्यों से सस्ती शराब लाकर महंगे दामों में बेचने कारोबार करते है या फिर क्षेत्र में ही संचालित शराब की दुकान से शराब की पेटी खरीद कर उसी शराब को दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचते है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने ऐसे ही अवैध शराब, बीयर समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसमें पकड़ा गया एक तस्कर क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान से ही दिन में ही पेटी खरीदकर रख लेता था। जैसे दुकान बंद होती तो उसी शराब को ठेके के आसपास खड़ा होकर तस्करी करता था। वहीं दुसरा तस्कर दिल्ली की सस्ती शराब और बीयर खरीद कर अवैध रुप से बेचने का कारोबार करता था।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर पूर्ण रुप से रोक लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी निरीक्षकों की टीम अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-6 नामवर सिंह की टीम ने सोमवार रात चेकिंग के दौरान घरभरा रोड जिम्स अस्पताल के पास शराब तस्करी कर रहे तस्कर सतीश पुत्र प्रकाश को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से 45 पव्वे कैटरीना ब्रांड व 15 पौवा ट्विन टॉवर बरामद किया गया। वहीं आबकारी निरीक्षक-1 गौरव चन्द की टीम द्वारा सेक्टर 27 नोएडा के ग्राम अट्टा में दबिश देकर दिल्ली से शराब तस्करी कर रहे सुंदर अवाना पुत्र भगवंत अवाना को गिरफ्तार किया है।

जिसके पास से 38 पव्वा रॉयल स्टेग एवं 60 केन किंग फिशर दिल्ली मार्का बरमाद किया गया। पकड़े गए तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजा गया। पकड़ा गया तस्कर दिल्ली से सस्ती शराब और बीयर खरीद कर अट्टा के पास तस्करी करता था। दुसरा तस्कर जिम्स अस्पताल के पास यूपी की शराब को महंगे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे।

जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह से समाप्त किया जाए, इसके लिए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तस्करों पर कठोरतम कार्यवाही की जा रही है, जिससे दोबारा तस्करी का कारोबार शुरू न कर सके। पड़ोसी राज्यों से लाई जा रही अवैध शराब को रोकने के लिए आबकारी निरीक्षक हरसंभव प्रयास कर रहे है। जिले में प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जो कि लगातार आगे भी जारी रहेगा।