जीडीए की सख्ती के बाद भी रईसपुर में हो रहा था अवैध निर्माण स्कूल व बालाजी एंक्लेव में 2 निर्माण पर हुई सीलिंग की कार्रवाई

-सील तोड़कर किया अवैध निर्माण तो होगी एफआईआर: गुंजा सिंह

गाजियाबाद। शहर में अवैध निर्माण को रोकने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) डाल-डाल तो अवैध निर्माण करने वाले पात-पात हैं। एक ओर जीडीए अवैध निर्माण को सील करता है तो दूसरी ओर सील तोड़कर अवैध निर्माण चालू हो जाता है। मगर अब ऐसा करना आसान नहीं होगा। जीडीए से बगैर नक्शा स्वीकृत कराए सीमा क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण को लेकर अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सख्ती दिखाना शुरु कर दिया है। या फिर यूं कहा जाए कि जीडीए उपाध्यक्ष की सख्ती का असर अधिकारी एवं कर्मचारियों में दिखने लगा है। जीडीए उपाध्यक्ष के आदेशों का पालन करने के लिए जीडीए अधिकारी एवं कर्मचारी की टीम रोजाना अपने-अपने जोन में अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। जीडीए अधिकारियों की कार्रवाई को देख अब बगैर नक्शा स्वीकृत कर अवैध निर्माण करने वालों में डर दिखने लगा है।

दरअसल जीडीए उपाध्यक्ष ने पूर्व में ही अपनी मंशा साफ जाहिर करते हुए अधिकारी एवं कर्मचारियों को हिदायत दे दी थी कि जिस जोन में अवैध निर्माण होता पाया गया तो अवैध निर्माण पर कार्रवाई तो होगी ही साथ ही इसे रोकने में नाकाम अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्रवाई के दायरे में आएगे। इसलिए अब अधिकारी एवं कर्मचारी कार्रवाई से बचने के लिए अवैध निर्माण पर खुद ही शिकंजा कस रहे है। इसके साथ ही सील तोडऩे पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष के आदेश पर मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की प्रभारी ओएसडी गुंजा सिंह ने प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता अनिल शर्मा, अवर अभियंता राजेश शर्मा, अवर अभियंता राजीव कुमार समेत टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जोन क्षेत्र में गांव रईसपुर-सदरपुर मार्ग के गेट के सामने अवैध रूप से निर्माण किए जा रहे स्कूल के कमरों को सील करा दिया। अवैध रूप से स्कूल का कई माह से निर्माण चल रहा था।

पिलर खड़ा करने के बाद कमरे बनाने के लिए चारदीवारी भी कर दी गई। यहां पर भोपाल प्रकाश द्वारा अवैध रूप से स्कूल का निर्माण कराया जा रहा था। जिसे जीडीए टीम ने सील कर दिया। वहीं, बालाजी एंक्लेव में गली नंबर-7 में सत्यप्रकाश और गौरव त्यागी द्वारा अवैध रूप से बनाए जा रहे कई मंजिला मकान को भी सील करने की कार्रवाई की गई। जीडीए ओएसडी ने चेतावनी दी कि बगैर नक्शा स्वीकृत कोई भी अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। अगर सील तोड़कर अवैध निर्माण शुरू किया गया तो अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के साथ ही संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।