कौशांबी में विकास को मिली रफ्तार, वार्ड 72 में फुटपाथ सौंदर्यकरण कार्य का भव्य शुभारंभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के कौशांबी वार्ड 72 में विकास कार्यों की रफ्तार को नई दिशा देते हुए पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने अपनी पार्षद निधि से एक और सराहनीय कदम उठाया है। कौशांबी स्थित वेव पिक्चर हॉल से डाबर ऑफिस तक तथा के ए ब्लॉक से कमल अस्पताल तक फुटपाथों के सौंदर्यकरण का कार्य सोमवार को प्रारंभ कर दिया गया है। इस कार्य के अंतर्गत फुटपाथों पर टाइल्स लगाए जाएंगे जिससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इस शुभ कार्य का शुभारंभ समाजसेवी एवं प्लॉट एरिया अध्यक्ष देवेंद्र भार्गव द्वारा नारियल फोड़कर किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल उपस्थित रहे, जिन्होंने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और यह प्रोजेक्ट उसी श्रृंखला का हिस्सा है।

डॉ. गोयल ने इस परियोजना के लिए महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह कार्य संभव हो सका है। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य सिर्फ विकास कार्य करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में प्रत्यक्ष रूप से सकारात्मक बदलाव लाना है। फुटपाथों का सौंदर्यकरण न केवल क्षेत्र को सुंदर बनाएगा, बल्कि लोगों की दैनिक आवाजाही को भी सुविधाजनक और सुरक्षित बनाएगा। हम वार्ड 72 को एक मॉडल वार्ड बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। कार्यक्रम में समाजसेवी एस. एन. सिंगला, सुनील गांधी, के ए ब्लॉक अध्यक्ष नीतू जैन, शिप्रा हजूर टावर के अध्यक्ष विजय शर्मा, शशि गुप्ता, मनीष चौहान, राजेंद्र गोयल, नरेश मिगलानी, एसके गोयल एवं डोभाल जी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।