महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं को न हो कोई असुविधा: गंभीर सिंह

छठ पर्व की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी ने की बैठक

गाजियाबाद। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। इसलिए अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करें। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव समेत अन्य अधिकारियों के साथ छठ पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक की। एडीएम सिटी गंभीर सिंह ने कहा कि छह महापर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसकी पहले से तैयारी पूरी कर ली जाए। छठ पर्व हिंडन नदी के दोनों तट, नंदग्राम, दीनदयालपुरी, करहेड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, राजेंद्रनगर, वृंदावन गार्डन, झंडापुर, वसुंधरा, शिप्रा सन सिटी (स्वीमिंग पूल)पंचशील, वैशाली, इंदिरापुरम, खोड़ा, मकनपुर आदि छठ पूजा स्थलों एवं घाटों पर मनाया जाता है। जिसमें लाखों व्रतधारी श्रद्धालु पर्व पर पूजा स्थलों,घाट पर शामिल होते हैं।

आगामी 7 नवंबर को सायंकालीन अघ्र्य व 8 नवंबर को प्रात: कालीन सूर्य अघ्र्य के साथ पर्व का समापन होगा। एडीएम सिटी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिंडन नदी पर बने छठ घाट पर व्यवस्था की जानी हैं। श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल टैंकरों की व्यवस्था, अर्घ्य देने के लिए शुद्ध गंगाजल के टैंकरों की व्यवस्था, हिंडन नदी के 900 मीटर की दूरी तक पाईप से पानी की आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उन्होंने नगर निगम एवं नगर पालिका परिषद द्वारा टीम लगाते हुए प्रत्येक घाट पर साफ-सफाई एवं मरम्मत, चूना छिड़काव, फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर, एंटी लार्वा एवं मच्छर की दवाओं को छिड़काव, कूड़ा-कचरा उठाने, डस्टबिन, महिलाओं के लिए घाट पर पर्याप्त चेंजिंग रूम,अस्थाई टेंट आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट (महिला एवं पुरुष के अलग-अलग) की व्यवस्था। हिंडन नदी पर बने प्रत्येक घाट की बैरिकेटिंग, ग्रीन कवरिंग के साथ कराई जाए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाए।

विद्युत व्यवस्था एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रत्येक घाट एवं रास्तों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। हिंडन नदी के 900 मीटर की दूरी तक ट्रिपल लेयर में बल्ब से प्रकाश व्यवस्था की जाए। विद्युत विभाग द्वारा इस दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति किए जाने और अपरिहार्य स्थिति के लिए पर्याप्त जनरेटर आदि की व्यवस्था करने के निर्देशित किया। अग्निशमन विभाग द्वारा पर्याप्त फायर टेंडर की व्यवस्था। हिंडन नदी एवं घाटों पर अग्निशमन की गाडिय़ां एवं अन्य व्यवस्था की जाए। चिकित्सा विभाग एंबुलेंस मय चिकित्सक 24 घंटे तैनाती जाए। चिकित्सकों एवं औषधियों की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया। उन्होंने लोकल गोताखोर एवं नाव की एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ से समन्वय कर व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। एडीएम सिटी ने एनडीआरएफ के जवानों, पुलिस बल की तैनाती करने और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तथा नागरिक सुरक्षा के वार्डनों की तैनाती की जाए।

चिन्हित मार्गोंं एंवं घाटोंं पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और कंट्रोल रूम एवंं अन्य 2 रूम की व्यवस्था की जाए। मोहननगर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए हज हाउस और मेरठ रोड तिराहा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मोक्ष धाम एवं कनावनी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए हिंडन नदी रेलवे पुल से पहले पार्किंग बनाई जाए। अर्थला की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए इंदिरा प्रियदर्शनी पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए। छठ पर्व के दौरान रूट डायवर्जन किया जाए। हिंडन नदी की साफ-सफाई एवं गंगाजल को छुड़वाने की व्यवस्था सिंचाई विभाग द्वारा की जाए। प्रत्येक घाट पर सीढिय़ों का निर्माण एवं मरम्मत नगर निगम,नगर पालिका परिषद द्वारा छठ घाटों का निर्माण एवं मरम्मत,रास्तों की मरम्मत एवं छठ घाट और बैठने वाले स्थानों की मरम्मत आदि की व्यवस्था की जाए। आवारा पशुओं,कुत्तों को पकडऩे वाले दस्तों की व्यवस्था की जाए।

श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसों की व्यवस्था रोडवेज के एआरएम द्वारा की जाए। छठ घाटों के आसपास विषैले जीव-जंतुओं से बचाव आदि की व्यवस्था जिला वन अधिकारी द्वारा तैयारियों को शत प्रतिशत पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निवर्हन करते हुए कार्य करें। इसमें विभागों द्वारा किसी भी कार्य में कोई लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा नया छठ घाट ना बनाया जाए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि कोई भी नया छठ घाट ना बनाया जाए।