5 अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर, 47 भूखंडों की बाउंड्रीवाल ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने निस्तौली और असालतपुर फर्रूखनगर में 5 अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण और 47 भूखंडों की बाउंड्रीवाल को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर की गई, जिन्होंने अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कॉलोनियों को विकसित नहीं होने दिया जाएगा। इन अनधिकृत कॉलोनियों के कारण सुनियोजित विकास प्रभावित होता है, इसलिए इनके खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। शनिवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी एवं ओएसडी के नेतृत्व में सहायक अभियंता और अवर अभियंता ने जीडीए पुलिस और टीला मोड़ थाना पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया।

इस दौरान 5 अनधिकृत कॉलोनियों में सड़कों और 47 भूखंडों की बाउंड्रीवाल को बुलडोजर से गिरा दिया गया।
प्रवर्तन टीम ने बताया कि ग्राम निस्तौली और असालतपुर फर्रूखनगर में जीडीए के पूर्व अधिकारियों की मिलीभगत से ये अवैध कॉलोनियां विकसित की गई थीं। अब इन कॉलोनियों को ध्वस्त कर शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में काम किया जा रहा है।

जब जीडीए की टीम अवैध निर्माण गिराने पहुंची, तो कॉलोनाइजर और अवैध निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया। हालांकि, पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की सख्ती के आगे वे टिक नहीं सके और उन्हें मौके से खदेड़ दिया गया। जीडीए की यह कार्रवाई शहर को सुनियोजित और अवैध निर्माण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बिना स्वीकृति के कोई भी कॉलोनी विकसित नहीं की जाएगी, और अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी
जीडीए प्रवर्तन जोन प्रभारी ने सख्त निर्देश दिए कि बिना अनुमति कोई भी निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।