-बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों को बैलेट से कराए वोटिंग की व्यवस्था: इन्द्र विक्रम सिंह
गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव के चलते जनपद में आगामी 26 अपै्रल को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारी तेजी से की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी (डीएमसीएई) के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे बुजुर्ग व दिव्यांगों जो बूथ तक आकर अपना वोट नहीं दे सकते है।उन्हें बैलेट पेपर के माध्यम से वोट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस पोलिंग केंद्र पर 8 या 8 से अधिक पोलिंग बूथ हैं। वहां पर मतदाताओं के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था कराई जाए।
जिससे कि वृद्धजन,दिव्यांगजन कुर्सियों पर बैठ सकें। वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर की उपलब्धता के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 150 व्हील चेयर की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई हैं। चिन्हित पोलिंग बूथों पर व्हील चेयर की उपलब्धता करा दी जाएगी।बैठक में जिला आइकॉन पीडब्ल्यूडी के समिति सदस्य सत्येंद्र सिंह ने अनुरोध किया कि बूथ पर बैरिकेडिंग इस प्रकार कराई जाए कि दिव्यांग और वृद्धजन को व्हील चेयर से वोट देने में कोई कठिनाई न आए।
















