गाजियाबाद। लोहा व्यापारी डॉ. अतुल कुमार जैन तीसरी बार फिर से गाजियाबाद लोहा विकेता मंडल के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। चुनाव समिति ने उनके पूरे पैनल को चुनाव समिति ने निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया। वर्ष-1983 से स्थापित 41 साल पुराने लोहा विक्रेता मंडल व्यापारियों का संगठन है। पहली बार वर्ष-2016 में अतुल जैन अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। मार्च में गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंडल के संविधान के अनुसार चुनाव कराने की घोषणा की गई। आम सभा कर चुनाव समिति का गठन किया, जिसमें जयकुमार गुप्ता मुख्य चुनाव अधिकारी, अविनाश चंद्र चुनाव अधिकारी और महेश गुप्ता को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया था, जिनके ऊपर लोकतांत्रिक तरीके से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए चुनाव कराने का दायित्व था। फिर चुनाव समिति ने सर्कुलर जारी करते हुए नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई रखी।
इसमें डॉ. अतुल कुमार जैन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया, जिसमें सर्वसम्मति से डॉ. अतुल कुमार जैन को अध्यक्ष पद पर नामित किया। जबकि सुबोध गुप्ता को उपाध्यक्ष, अंबरीश जैन को महामंत्री, सतीश बंसल को कोषाध्यक्ष, मोहनलाल अग्रवाल को मंत्री, राजीव मंगल और अनुराग अग्रवाल को सदस्य पद पर नामित करते हुए नामांकन पत्र चुनाव कार्यालय में जमा कराए। शनिवार शाम तक किसी भी दूसरे पैनल ने कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए। फिर चुनाव समिति ने डॉ. अतुल कुमार जैन पैनल के प्राप्त नामांकन पत्रों की विधिवत जांच करके सभी को वैध पाया और पूरे पैनल को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया। डॉ. अतुल कुमार जैन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। नई कार्यकारिणी बेहतर तरीके से व्यापारियों के हित को ध्यान में रखकर काम करेगी।