98.84 प्रतिशत बच्चों की मापी गई दक्षता, सिटी मजिस्ट्रेट ने बच्चों को खिलौने की सौंपी किट

गाजियाबाद। जनपद में बच्चों के दक्षता मापन में 1.47 प्रतिशत की वृद्धि होने के बाद कुल 98.84 प्रतिशत बच्चों की दक्षता मापी गई है। शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय ने जिला पोषण समिति की बैठक की। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वाष्र्णेय, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, मुख्य सेविकाए आदि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सिटी मजिस्ट्रेट को बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वाष्र्णेय ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 98.84 प्रतिशत बच्चों का दक्षता मापी गई है।

शहरी क्षेत्र में राशन प्राप्त न होने के कारण बाल विकास परियोजना शहर के अलावा आंगनवाड़ी केंद्रों पर माह सितंबर तक टेक होम राशन का वितरण किया जा चुका है। हॉट कुक्ड़ फूड योजना के तहत 432 आंगनवाड़ी केंद्रों पर संचालित किया गया है। शहरी क्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए बर्तन क्रय करने के लिए नगर निगम खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर बर्तन उपलब्ध हो जाएंगे। सिटी मजिस्ट्रेट संतोष उपाध्याय ने सैम-मैम बच्चों की समीक्षा की। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अवगत कराया कि अगस्त में कुल 745 बच्चें सैम तथा 2112 मैम चिन्हित किए गए है। बच्चों के स्वास्थ्य जांच कराते हुए 23 बच्चों को पोषण पुर्नवास केंद्र भेजा गया है। जनपद में सीएसआर फंड के माध्यम से टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा 8 आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है।

जिसमें 4 आंगनवाड़ी केंद्रों का कार्य पूरा हो चुका हैं। पारले जी कंपनी द्वारा 20 आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प तथा रोटरी क्लब, मूथूट फाइनेंस लिमिटेड कंपनी द्वारा केंद्रों का कायाकल्प किया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने आधार किट्स के एक्टीवेशन तथा आधार कार्ड निर्मित कराए जाने की समीक्षा में पाया कि बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाने की प्रगति कम पाई गई। उन्होंने सभी डेस्कटॉप एवं टैबलेट को एक्टिव कराए जाने तथा अधिक से अधिक बच्चों के आधारकार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। माह सितंबर को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। नगर मजिस्ट्रेट ने सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए 2 बच्चों के अभिभावकों को स्वस्थ्य बालक स्पर्धा कार्ड तथा बच्चों को खिलौने की किट भी प्रदान की है।