बसपा नेता के खिलाफ पुलिस में एफआईआर
नई दिल्ली। भाजपा नेता शाजिया इल्मी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने बसपा के पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली के थाना वसंत कुंज साउथ में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला से अपशब्द बोलने व धमकी देने की धारा में पुलिस ने जांच आरंभ की है। पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता शाजिया इल्मी गत 5 फरवरी को वसंत कुंज में चेतन सेठ द्वारा आयोजित पार्टी में शामिल हुई थीं। वहां कई राष्ट्रों के एम्बेसडर भी पहुंचे थे। पार्टी में चिली, पैरागुए, इक्वाडोर व कोस्टा रिका के एम्बेसडर आए थे। पार्टी के दौरान शाजिया इल्मी चिली के राजदूत से अपने देश के लॉ को लेकर बातचीत कर रही थीं। इस बीच बसपा के पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी वहां पहुंच गए। आरोप है कि पूर्व सांसद डंपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपशब्द बोले। शाजिया इल्मी का कहना है कि पार्टी में मौजूद मेहमानों ने पूर्व सांसद डंपी को ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की, मगर वह फिर भी निरंतर अपशब्द बोलते रहे। शाजिया इल्मी ने शिकायत में लिखा है कि अकबर अहमद डंपी ने उनके खिलाफ सेक्सयुल रिमार्क भी किए। इसकी शिकायत शाजिया ने पहले सीआर पार्क थाने में की थी, मगर कार्यक्रम वसंत कुंज में था, इसलिए पुलिस में 7 फरवरी को शाजिया इल्मी की शिकायत पर वसंत कुंज साउथ थाने में आईपीसी की धारा-506 व 509 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि शाजिया इल्मी गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, मगर चुनाव में उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई थीं। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गई थीं।
















