-लाइसेंसी दुकानों की भी सघन जांच, ओवररेटिंग पर सख्त चेतावनी
-हर सेक्टर में दिन-रात चेकिंग अभियान, अवैध बिक्री पर पूर्ण रोक का लक्ष्य
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। होली पर्व नजदीक आते ही जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। जिले की छवि को धूमिल होने से बचाने और त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिन-रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीमों की सक्रियता से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से बेची जा रही शराब बरामद की। अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए आरोपी जिले की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर अन्य स्थानों पर बेच रहे थे। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी और थाना फेज-1 पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-05 मसाला मार्केट के पास चेकिंग के दौरान संदीप पुत्र नरेश को गिरफ्तार किया। उसके पास से दोस्ताना देशी ब्रांड की 200 एमएल क्षमता की 107 पव्वा शराब, उत्तर प्रदेश मार्का, बरामद की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लाइसेंसी दुकान से शराब खरीदकर अलग-अलग स्थानों पर अधिक कीमत पर बेचता था।
इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक संजय चन्द्र की टीम ने थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में एफएनजी रोड स्थित श्मशान घाट के निकट दबिश देकर अनिल चौहान पुत्र राजाराम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 200 एमएल की 43 पौव्वा दोस्ताना देशी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की बिक्री से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि जनस्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा पैदा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग ने जिले में व्यापक स्तर पर निगरानी तंत्र मजबूत किया है। चेकिंग अभियान सिर्फ तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि लाइसेंसी दुकानों पर भी नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि शराब की बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक दाम वसूलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी दुकान पर ओवररेटिंग या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडऩे पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या ओवररेटिंग की जानकारी मिले तो तुरंत आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। होली जैसे बड़े त्योहार से पहले आबकारी विभाग की यह सख्ती साफ संदेश दे रही है कि अवैध कारोबार करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। प्रशासन की इस मुहिम से जहां अवैध शराब पर लगाम कसने में मदद मिलेगी, वहीं त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी।
















