-शराब माफियाओं की खैर नहीं, जल्द हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही कड़ी मुहिम के तहत आबकारी विभाग ने एक बड़े शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर हरियाणा से सस्ती शराब लाकर जिले में लाइसेंसी दुकानों के बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था, जिससे अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिल रहा था। आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ लगातार दबिश और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आबकारी निरीक्षक गौरव चंद के नेतृत्व में गुरुवार रात को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना फेज-1 स्थित सेक्टर-8 नर्सरी के गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसके पास से मस्ताना देशी शराब ब्रांड के 24 अद्दे (375 एमएल प्रत्येक) बरामद किए गए, जिन पर हरियाणा मार्का अंकित था। पूछताछ में आरोपी की पहचान रोशन शाह पुत्र संजय शाह के रूप में हुई, जो हरियाणा से सस्ती शराब लाकर जिले में महंगे दामों में बेचता था।
अवैध शराब तस्करों पर वज्र बनकर टूट रहा है आबकारी विभाग
गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन सख्त रूख अपनाए हुए है। आबकारी विभाग की टीम ऐसे तस्करों पर वज्र बनकर टूट रही है और जिले से इन अपराधियों को पूरी तरह खत्म करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इस कड़ी में रोशन शाह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने साफ किया कि जिले में अवैध शराब के व्यापार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और भविष्य में भी सघन चेकिंग और दबिश का अभियान तेज किया जाएगा। अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है और कई अन्य तस्करों की भी तलाश की जा रही है। संभावना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
















