-गाजियाबाद नगर निगम के डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ने पूरे किए तीन वर्ष
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम के डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर ने अपनी तीन वर्ष की सफल यात्रा पूरी कर ली है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी नगर निकायों में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी क्रम में गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शहर के विकास में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाई मित्रों, समाजसेवियों, शिक्षकों और अन्य कर्मठ व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। नगर निगम मुख्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सफाई मित्रों सहित समाज के अन्य योगदानकर्ताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों और समाजसेवियों को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
गाजियाबाद नगर निगम को लखनऊ में आयोजित एक भव्य एवं प्रतिष्ठित समारोह में सम्मानित किया गया, जहां नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान गाजियाबाद नगर निगम की सतत प्रयासशीलता, स्वच्छता प्रबंधन, जनसुविधाओं के सुधार और पर्यावरण संरक्षण में किए गए सराहनीय कार्यों को मान्यता देता है। इस उपलब्धि ने गाजियाबाद को प्रदेशभर में एक आदर्श नगर निकाय के रूप में स्थापित किया है। यह पुरस्कार न केवल नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के अथक परिश्रम का प्रमाण है, बल्कि पूरे गाजियाबाद शहर के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी पल्लवी सिंह उपस्थित रहे।
स्वच्छता और जनसेवा में अग्रणी गाजियाबाद
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम में संचालित डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को तीन वर्ष पूरे हो गए हैं। इस सेंटर में हर दिन सुबह 4 बजे से ही ऑनलाइन मॉनिटरिंग के जरिए सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाता है। इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की पूरी टीम को बधाई। स्वच्छता और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए हम नए-नए प्रयास कर रहे हैं और आगे भी शहर की बेहतरी के लिए कार्य करते रहेंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
इस सम्मान समारोह में सफाई मित्रों के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें नगर पालिका बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अंतिमा चौधरी, एमबी गर्ल्स कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अंतिमा चौधरी, समाजसेवी जयंत आनंद, रमा त्यागी, विजेंद्र कुमार, रमिता, निधि गौड़ और योगेश कुमार शामिल रहे। इसके अलावा कंपोस्टिंग और अन्य योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने वाले नागरिकों को भी पुरस्कृत किया गया।
आगे भी शहर हित में कार्य करने का संकल्प
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी नागरिकों को शहर के विकास और स्वच्छता में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से गाजियाबाद को और भी स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जाएगा। यह उपलब्धि गाजियाबाद नगर निगम और पूरे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो दर्शाती है कि जब प्रशासन और नागरिक मिलकर कार्य करते हैं, तो सफलता निश्चित होती है।




















