अवैध शराब की तलाश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर आबकारी विभाग ने बढ़ाई चौकसी दिन के साथ रात में भी वाहनों की चेकिंग जारी

-आबकारी अधिकारी की ठोस रणनीति शराब तस्करों पर पड़ रही भारी
-सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों को पढ़ाया नियमों का पाठ

उदय भूमि
लखनऊ। जनपद में बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने और अवैध रुप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इसमें करीब दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी एवं दबिश दी गई। इस कार्यवाही के दौरान हाइवे पर हड़कंप की स्थिति बनी रही। शराब माफिया की कुंडली खंगालने के अलावा संभावित ठिकानों की पुख्ता जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके बाद शराब माफिया के खिलाफ तैयार की गई रणनीति के तहत छापेमारी की कार्रवाई हो रही है। शराब माफिया हमेशा आबकारी विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहे हैं। शराब माफिया की जड़ें काफी गहरी हैं, मगर आबकारी अधिकारी की ठोस रणनीति उनकी जड़ों को खोदने का काम कर रही है। जिसका परिणाम यह है कि जनपद में शराब तस्करों का नेटवर्क टूटता नजर आ रहा है। जिला आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से घबरा कर कुछ तस्करों ने लखनऊ छोड़ दिया है। जबकि कुछ तस्करों ने इस गैरकानूनी कार्य से तौबा कर ली है। इसी का नतीजा है कि अब पहले की तरह अवैध शराब की खेप बरामद नहीं हो रही है।

आबकारी विभाग निरंतर कड़ी कार्रवाई कर शराब तस्करों को सबक सिखाने में लगा है। वहीं शराब तस्कर भी सख्ती होने पर वह अपनी रणनीति और ठिकानों में बदलाव कर लेते हैं। इसके चलते आबकारी विभाग को सधी रणनीति अपना कर कार्रवाई करनी पड़ती है। लखनऊ में पिछले कुछ समय से शराब माफिया और उनके गुर्गों की नींद उड़ी पड़ी है। इसका कारण साफ है कि विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की चेन तोड़ने के लिए प्रभावी कार्य योजना अपना रखी है। इसके तहत शराब माफिया और उनके गुर्गों को संभलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। आबकारी विभाग ने अपने नेटवर्क का विस्तार किया है। इसके अलावा सभी आबकारी निरीक्षकों के मध्य तालमेल को बढ़ाया गया है। निरीक्षक भी एक-दूसरे का भरपूर सहयोग कर सूचना का आदान-प्रदान कर रहे हैं। इसके नतीजे भी अच्छे मिल रहे हैं। आबकारी विभाग ने देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए अभियान तेज किया हुआ है। मुख्य मार्गों पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

अवैध शराब के खिलाफ लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बढ़ाई सख्ती
अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने राजमार्ग-राष्ट्रीय मार्ग पर अपना पहरा बढ़ा दिया है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया जिले में अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई कर रही है। रविवार को आबकारी विभाग के निरीक्षक रजनीश प्रताप सिंह, रिचा सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृति प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, इंस्पेक्टर शिखर, विजय शुक्ला, विवेक सिंह, विजय राठी, कौशलेन्द्र रावत, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, सुभाष चन्द्र, अरविंद बघेल की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए दबिश दी गई। लखनऊ के साथ बिहार में होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें हाईवे पर 24 घंटे तीन शिफ्टों में वाहनों की चेकिंग कर रही है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध भारी वाहनों और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की सघन तलाशी ली गई। टीम ने कई चार पहिया तथा कन्टेनर आदि को रोका, उनकी चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान वाहनों के चैंबर तक की गहन तलाशी की गयी। तलाशी के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया।

रेस्टोरेंट व ढाबों पर आबकारी विभाग ने मारा छापा
अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही के साथ-साथ आबकारी विभाग की टीमें बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले रेस्टोरेंट, ढाबों पर छापेमारी की कई। रविवार रात को रेस्टोरेंट एवं राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ढाबों की चेकिंग की गई। सभी ढाबों/ रेस्टोरेंट संचालको को उनके परिसर में अन्य प्रांत की शराब पाए जाने एवं बिना लाइसेंस शराब पिलाए जाने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई। रेस्टोरेंट व ढाबे में शराब पिलाने के लिए आबकारी विभाग से लाइसेंस लेना अनिवार्य है। साथ ही ढाबा संचालकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि ढाबे के आसपास व बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी की सूचना आबकारी विभाग को दें। जिससे अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कार्यवाही की जा सकें। नियमानुसार ढाबे व रेस्टोरेंट का संचालन करें। बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराना, जेल की हवा खिला सकता है। इसके अलावा टीम द्वारा थाना विभूतिखण्ड, गोमतीनगर में संचालित बारों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। बारों में मदिरा का स्टॉक रजिस्टर से मिलान किया गया।

नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर सिखाया सबक
आबकारी विभाग की टीम ने अभियान के तहत क्लब मोमेंटज बार पर नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर सबक सिखाते हुए बार संचालक समेत ग्राहकों को भी नियमों का पाठ पढ़ाया। सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन और धूम्रपान पूरी तरह से वर्जित है। इसी के तार बार, होटल व रेस्टोरेंट में भी धूम्रपान का सेवन पूरी तरह से प्रतिबंध है। आबकारी विभाग की टीम बार, रेस्टोरेंट में बार का लाइसेंस तो चेक ही रही है। साथ ही बार व रेस्टोरेंट में धूम्रपान करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बार व रेस्टोरेंट संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि अगर बार व रेस्टोरेंट में धूम्रपान का सेवन पाया गया तो धूम्रपान करने वालों के साथ-साथ बार संचालकों पर भी कार्रवाई होगी। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया आबकारी निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए है कि रेस्टोरेंट व बार में लगातार चेकिंग की जाए। साथ ही हुक्का व सिगरेट का सेवन मिलने पर सख्ती से कार्रवाई करें। बार, होटल व रेस्टोरेंट में धूम्रपान पूरी तरह से वर्जित है। जिसके लिए सभी को बोर्ड लगाने के सख्त निर्देश दिए गए है। अगर कोई भी व्यक्ति धूम्रपान करता हुआ पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ बार में बैठे ग्राहकों की आईडी चेक की गई।

ओवर रेटिंग रोकने को आबकारी विभाग ने लाइसेंसी दुकानों पर मारा छापा
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया लाइसेंसी शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार गुप्त टेस्ट परचेजिंग कराई जा रही है। साथ ही दुकानों पर लगातार चेकिंग भी की जा रही है। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो साथ ही सभी दुकानों पर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सहित संचालित हो रही हैं या नहीं सुनिश्चित किया गया। आबकारी अधिकारी ने अनुज्ञापियों को अधिक से अधिक ऑनलाइन माध्यमों पर पेमेंट लेने व ऑनलाइन पेमेंट के सभी माध्यमों का प्रयोग करने के निर्देश दिए। पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक बिक्री के लिए विक्रेताओं को निर्देशित किया। साथ ही चेतावनी दी गई यदि किसी दुकान के विक्रेता द्वारा जानबूझकर पीओएस मशीन से विक्रय नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।