-दिवाली में बेचने के लिए घर में छिपा रखी थी महुआ की अवैध शराब
-शराब तस्करों का सूपड़ा साफ करने को आबकारी विभाग की मुहिम ला रही रंग
-20 लीटर कच्ची शराब एवं महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
उदय भूमि
लखनऊ। दिवाली का त्योहार आते ही लखनऊ के देहात क्षेत्र में महुआ अवैध शराब के धंधे की बाढ़ सी आ गई है। मगर पिछले कुछ माह से देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब के धंधे को न जाने कैसे आबकारी विभाग की काली नजर लग गई है कि उनका धंधा शुरु होने से पहले ही बंद हो जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल शराब कारोबारी हर दिन अपने धंधे को जमाने के लिए प्रयास कर रहे है, मगर आबकारी विभाग की चालाकी देखिए कि इधर धंधा शुरु होता है उसके कुछ देर बाद ही टीम धावा बोल देती है। आबकारी विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब के धंधे में शामिल कारोबारी को सिर्फ नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्योंकि अपने धंधे को जमाने के लिए कारोबारियों ने किसी एक को नहीं, बल्कि देहात क्षेत्र के 50 से अधिक लोगों को अवैध शराब के निर्माण का बयाना दिवाली से पहले ही दिया हुआ है। जिससे एक आबकारी विभाग की अगर कहीं कार्रवाई हो तो कहीं तो उनका धंधा शुरु हो सकें।
मगर आबकारी विभाग की टीम ने शराब कारोबारियों के सभी नेटवर्क को ध्वस्त किया हुआ है। जिस कारण दिवाली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। वैसे ही अवैध शराब के निर्माण से जुड़े कारोबारियों की मुश्किलें बढऩी लगी है। अगर आबकारी विभाग की टीम द्वारा की जा रही लगातार कि जा रही कार्रवाई की बात की जाए तो पूर्व में अवैध शराब के धंधे को लेकर आबकारी विभाग परेशान होता था, मगर अब उसका उल्टा होता नजर आ रहा है। अवैध शराब के नेटवर्क को तोडऩे के लिए आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने चार्ज संभालने के बाद से जो काम किया है, यहीं अगर उनसे पहले कार्रवाई हो जाती तो शायद शराब कारोबारी इस धंधे को जमाने की सोचते तक नहीं।
जब मुनाफा ही नहीं होता तो धंधा कैसे चलेगा। आबकारी अधिकारी की इस कार्रवाई से लखनऊ की आबोहवा भी अब धीरे-धीरे बदलने लगी है। जहां पहले देहात क्षेत्र में महुआ शराब की खुशबू दूर-दूर तक फैली नजर आती थी, वहीं खूशबु अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है। आबकारी अधिकारी की इस कार्रवाई की प्रशंसा प्रदेश के आबकारी आयुक्त खुद मीटिंग में कर चुके है। जिले में आबकारी विभाग की टीम भी बिना किसी दबाव के अपने कार्रवाई को अंजाम दे रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक बार फिर से महुआ अवैध शराब के धंधे पर कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब को बरामद किया है। वहीं अवैध शराब के धंधे में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया दिवाली पर्व को लेकर जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें भी लगातार छापेमारी और दबिश की कार्रवाई कर रही है। रविवार को आबकारी निरीक्षक अभिषेक सिंह की टीम द्वारा थाना माल अंतर्गत ग्राम केडोरा, रामनगर, कल्याणपुर के संदिग्ध घरों, खेतों, बगीचों, तालाबों के किनारे संदिग्ध स्थानों पर संयुक्त दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान घर व खेतों में छिपाकर रखी 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद किया गया।
आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 2 अभियोग पंजीकृत करते हुए महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं दबिश दे रही है। शराब तस्करों के खिलाफ तैयार की गई रणनीति के तहत लगातार कार्रवाई हो रही है, जिसके परिणाम भी सकारात्मक सामने आ रहे है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


















