अवैध शराब की तस्करी पर पड़ा आबकारी विभाग का ताला

• गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग का धावा, हरियाणा-यूपी की शराब सहित दो तस्कर गिरफ्तार

शराब माफियाओं पर चारों ओर से कस रहा शिकंजा, सुबोध श्रीवास्तव खुद संभाल रहे मोर्चा

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद की फिज़ाओं को ज़हर से बचाने के लिए आबकारी विभाग अब आर-पार की लड़ाई के मूड में है। अवैध शराब के धंधे को नेस्तनाबूद करने के लिए जिले में अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इस पूरे अभियान की कमान खुद जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने संभाली हुई है, जो या तो अपनी टीम के साथ या फिर अकेले ही रात-दिन सड़कों पर उतरकर चेकिंग अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। आबकारी विभाग की लगातार दबिश और सक्रियता के चलते बीते 24 घंटे में तीन बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से उत्तर प्रदेश और हरियाणा ब्रांड की बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद हुई है। ये तस्कर या तो राज्य की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर अवैध तरीके से बेच रहे थे, या फिर परचून की दुकानों की आड़ में बाहर से शराब तस्करी कर रहे थे। बुधवार देर रात आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और थाना जेवर पुलिस की संयुक्त टीम ने कानीगढ़ी में दबिश देकर एक बड़े शराब तस्कर जग्गी उर्फ जगदीश के घर से 30 पौवा हरियाणा मार्का मस्ताना मसालेदार देशी शराब बरामद की।

हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही तस्कर फरार हो गया, लेकिन उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया गया। इसी रात आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा की टीम ने तिलपता क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास से रोहित पुत्र यशवंत सिंह को दबोचा, जो उत्तर प्रदेश मार्का 45 टेट्रा पैक ट्विन टावर देसी शराब के साथ पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर रात को दुकानों के बंद होने के बाद उसे महंगे दामों पर बेचता था। वहीं, आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी के नेतृत्व में चल रही टीम ने सेक्टर-7, फेज-1 स्थित बी-14 के सामने से अंकित पुत्र उमेश को दबोचा, जिसके पास से 106 पौवा कैटरीना देशी शराब यूपी मार्का बरामद की गई। उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में किसी भी सूरत में अवैध शराब का कारोबार नहीं पनपने दिया जाएगा।

चाहे वह बाहरी राज्यों से लाई गई हो या लाइसेंसी दुकानों से चोरी-छिपे निकाली जा रही हो – सभी को चिन्हित कर धर दबोचा जाएगा। हमारी टीमें दिन-रात फील्ड में हैं, और यह अभियान तब तक नहीं रुकेगा जब तक जिले को पूरी तरह से शराब माफियाओं से मुक्त नहीं कर दिया जाता। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब के व्यापार की जानकारी हो, तो तुरंत विभाग को सूचित करें। हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जिलेभर में चल रहे इस सघन अभियान से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी विभाग की त्वरित, ठोस और निर्णायक कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गौतमबुद्ध नगर में अब अवैध शराब कारोबारियों की खैर नहीं।