उदय भूमि
गाजियाबाद। विजय नगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम भावनाओं, मनोरंजन और प्रेरणादायक संदेशों से भरपूर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। जिसके बाद प्रधानाचार्या धर्मजीत कौर ने छात्रों को मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन का महत्व समझाया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विदाई समारोह में नृत्य प्रस्तुतियां, हास्य नाटक, और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। जिनमें कक्षा 11 के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा, प्रशासन निदेशक बलप्रीत सिंह ने सर्वश्रेष्ठ अनुशासित छात्र एवं सर्वश्रेष्ठ परिधान पुरस्कार प्रदान किए, जिससे छात्रों का उत्साह और बढ़ा।
चेयरमैन जोगिंदर सिंह ने भी छात्रों को संबोधित किया और वर्ष का सर्वश्रेष्ठ छात्रा मोनिका व शुभम गौड़ को पुरस्कार दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सफलता के लिए कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय को आवश्यक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को जुनून के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। कहा कि छात्र-छात्राएं बीत गए समय पर ध्यान न दें।
कहा कि उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत करें। 12वीं के बाद छात्र अपने जीवन के अगले चरण में कदम रखते हैं। कहा कि छात्रों को जीवन में आगे बढऩे के लिए अनुशासन के साथ मेहनत करनी है। कार्यक्रम की प्रबंधन टीम में अंकुश, अमित गुप्ता, सेतुराम, नेहा मल्होत्रा एवं प्रिया नारूला ने विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन स्मृति चिन्ह वितरण के साथ हुआ।

















