बसंत से पहले गाजियाबाद के पांच प्रमुख चौराहों को मिलेगा भव्य और आकर्षक स्वरूप, नगर निगम ने शुरू किया ब्यूटीफिकेशन अभियान

  • केरल, इंदौर और मथुरा की फर्मों ने शहर के लिए आधुनिक और कलात्मक डिजाइन प्रस्तुत किए
  • सेंट्रल पार्क, राज पार्क, शांति विहार और अन्य प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण फरवरी तक पूरा होगा
  • विकास कार्यों के साथ शहर की सुंदरता को भी मिलेगी प्राथमिकता: विक्रमादित्य सिंह मलिक

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने शहर के पांच प्रमुख चौराहों को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए ब्यूटीफिकेशन अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में चीफ इंजीनियर एवं वरिष्ठ उद्यान प्रभारी एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉक्टर अनुज कुमार सिंह आदि के समक्ष केरल, मथुरा तथा इंदौर की फर्म ने प्री बीड मीटिंग और प्रेजेंटेशन आयोजित किया गया। इस बैठक में केरल, मथुरा और इंदौर की फर्मों ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति और आधुनिक डिज़ाइन प्रस्तुत किए।
केरल की अनार फर्म और इंदौर की प्रस्तुति फर्म ने ऑनलाइन माध्यम से अपने प्रेजेंटेशन के दौरान निविदा प्रक्रिया के क्रम में अपनी कला और डिजाइन के आइडियाज साझा किए। इन डिजाइनों में शहर के प्रमुख चौराहों के लिए अद्भुत और आकर्षक कलाकृतियां दिखाई गई, जिसमें हरित आवरण, फूल, पेड़-पौधे और मॉडर्न आर्ट के साथ ट्रेन स्कल्पचर भी शामिल हैं। नगर निगम के प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में पांच प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके लिए निविदा आमंत्रित की जा चुकी है और कुल बजट लगभग 90 लाख रुपए निर्धारित किया गया है। बैठक में सभी प्रतिभागियों ने थीम आधारित प्रस्तुति दी और अपने-अपने डिज़ाइन आइडियाज साझा किए। उन्होंने बताया कि कार्य फरवरी माह तक पूरा किया जाएगा, ताकि बसंत के आगमन से पहले चौराहों की भव्यता दिखाई दे।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ शहर की सुंदरता को भी बढ़ावा दे रहा है। बसंत से पहले शहर के पांच प्रमुख चौराहों को सजाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। इसमें पशु-पक्षियों, फूलों, पेड़-पौधों के साथ-साथ मॉडर्न आर्ट और ट्रेन स्कल्पचर का उपयोग किया जाएगा। इसके बाद अन्य वार्डों के प्रमुख चौराहों को भी इसी क्रम में सुंदर बनाने का कार्य किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ प्रभारी उद्यान नरेंद्र कुमार चौधरी और अन्य टीम सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों की योजना और तैयारी पूर्ण कर ली गई है। नगर निगम का यह अभियान न केवल शहर की भव्यता बढ़ाएगा, बल्कि नागरिकों के सुरक्षित और सुगम आवागमन में भी मदद करेगा।

इस पहल के तहत चौराहों पर डिवाइडर सुधार, कलात्मक पेंटिंग और हरित आवरण सहित सभी आवश्यक सुधार किए जाएंगे। नगर निगम ने कहा कि यह पहल शहर के सौंदर्यीकरण और स्मार्ट सिटी विज़न का हिस्सा है, जो शहरवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ गाजियाबाद को और आकर्षक, हरित और जीवंत बनाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य शहर को सुरक्षित, हरा-भरा और आकर्षक बनाना है। सौंदर्यीकरण के साथ नागरिकों को सुगम आवागमन और बेहतर अनुभव देना भी प्राथमिकता है। नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि गाजियाबाद नगर निगम की यह योजना शहर की विकास योजना और स्मार्ट सिटी विज़न का हिस्सा है और इसे प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रमुख चौराहों में शामिल:
• सेंट्रल पार्क, सेक्टर-10, राजनगर
• राज पार्क, राजनगर एक्सटेंशन, एलिवेटेड रोड, मेन प्वाइंट
• शांति विहार
• अभय खंड, इंदिरापुरम
• हिंडन मोहन नगर चौक

विशेषताएं और लाभ:
• प्रमुख चौराहों पर फूल, पेड़-पौधे और हरित आवरण
• मॉडर्न आर्ट और ट्रेन स्कल्पचर के साथ भव्यता
• डिवाइडर सुधार और कलात्मक पेंटिंग
• फरवरी माह तक कार्य पूर्ण, बसंत के पहले प्रदर्शन
इस पहल से नागरिकों को न केवल सौंदर्य का अनुभव मिलेगा बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थानों की छवि भी आकर्षक और जीवंत बनेगी। नगर निगम की यह कोशिश गाजियाबाद को सुरक्षित, हरा-भरा और विकसित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।