समस्याओं के समाधान के लिए नगर आयुक्त ने विधायक संग किया रमते राम रोड का स्थलीय निरीक्षण

  • दुकानदारों और निवासियों की शिकायतों का तुरंत निस्तारण सुनिश्चित
  • नगर आयुक्त ने टीम सहित निरीक्षण कर निर्माण, स्वास्थ्य और जलकल विभाग को दिया 5 दिन का समय
  • अतिक्रमण हटाने, नाले साफ करने और गंदगी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, व्यापारियों और नागरिकों के सुझावों को किया शामिल
  • शिकायत प्राप्त होने पर स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य, जन समस्याओं का समाधान निगम की प्राथमिकता: नगर आयुक्त

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को शहर विधायक संजीव शर्मा और क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा के साथ गंज, रमते राम रोड के निवासियों और दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शहर में अव्यवस्था, गंदगी और जल निकासी से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना था। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान टाउन हॉल से लेकर गंदे नालों तक की स्थिति का जायजा लिया और टीम को निर्देशित किया कि नालों की सफाई के लिए रॉबर्ट मशीन का उपयोग किया जाए ताकि नाले की गहराई तक सफाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने निर्माण विभाग को आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर शहर विधायक संजीव शर्मा ने शिकायतकर्ताओं और व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित किया। प्रथम चरण में अतिक्रमण हटाने और नाले की सफाई शुरू करने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों के साथ टाउन हॉल स्थित सिटी जॉन कार्यालय पर दुकानदारों, व्यापारियों और क्षेत्रीय निवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद जवाहर गेट से लेकर टाउन हॉल, गंदा नाला, गंज और रमते राम रोड का स्थलीय निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य सिटी जोन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है। बाजारों में हो रहे अवैध अतिक्रमण और पानी निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि समस्या के समाधान में सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। श्री शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण में अतिक्रमण हटाने और नाले की सफाई के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों और व्यापारियों के सुझावों को लागू करना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। शहर विधायक ने स्पष्ट किया कि गंज और रमते राम रोड सहित पूरे क्षेत्र में नागरिकों को साफ-सुथरा और सुविधा युक्त वातावरण मुहैया कराना सभी विभागों की जिम्मेदारी है और इसके लिए अधिकारी तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करें।

नगर आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग और जलकल विभाग को 5 दिन का समय दिया जाए, स्थिति के अनुसार निर्माण विभाग भी कार्यवाही करेगा। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश और अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायत प्राप्त होने के तुरंत बाद स्थलीय निरीक्षण अनिवार्य है और सभी विभागीय अधिकारी टीम के साथ मिलकर समाधान सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग टीम को गंदगी देखकर तत्काल कार्रवाई करने और संबंधित सुपरवाइजर व सफाई नायक के विरुद्ध सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। व्यापारियों में मनोज गोयल, उपेंद्र गोयल और अन्य प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे और उन्होंने निरीक्षण के दौरान अपने सुझाव दिए, जिन्हें नगर आयुक्त द्वारा लागू करने के लिए टीम को निर्देशित किया गया।

नगर आयुक्त ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान नगर निगम की प्राथमिकता है। शिकायत मिलने पर अधिकारी तुरंत स्थलीय निरीक्षण करें और आपसी समन्वय से कार्यवाही करें। यह सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है कि गंज और रमते राम रोड सहित पूरे शहर में नागरिकों और व्यापारियों को सुविधा और साफ-सुथरा वातावरण मिले। इस स्थलीय निरीक्षण और समाधान अभियान के माध्यम से नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर की सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण और जल निकासी की समस्या का निरंतर समाधान प्राथमिकता है। नागरिक और व्यापारी दोनों ही इस पहल से संतुष्ट दिखे और नगर निगम की सक्रियता की सराहना की।