-शिक्षक के लिए बदलते परिवेश में जीवन कौशल प्रशिक्षण अत्यन्त आवश्यक: डॉ प्रसेंनजीत कुमार
गाजियाबाद। डासना स्थित एसडीजीआई ग्लोबल विश्वविद्यालय में सोमवार को चार दिवसीय जीवन कौशल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एजुकेशन एवं जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, हापुड़ के संयुक्त तत्वाधान में “जीवन कौशल प्रशिक्षण-21वी सेंचुरी अनुभवजन्य” के लिए चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जनपद गाजियाबाद के लोनी, मुरादनगर, भौजपुर, राजापुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, कम्पोजिट विद्यालय व माध्यमिक विद्यालयों के 200 शिक्षक व शिक्षिकाओं ने जीवन कौशल प्रशिक्षण में भाग लिया।
इस कार्यशाला में सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने जीवन कौशल के महत्वपूर्ण बिंदुओं भावना प्रबंधन, समानुभूति, तनाव प्रबंधन, समस्या समाधान, निर्णय लेना व स्वयं जागरूकता से संबंधित उपयोगी कौशल सीखे। इस अवसर पर एस.डी.जी.आई. ग्लोबल यूनिवर्सिटी के कुलपति (आई/सी) प्रो. (डॉ) प्रसेंनजीत कुमार ने बताया कि एक शिक्षक के लिए समय के अनुसार बदलते परिवेश में जीवन कौशल प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्रति-कुलपति पीयूष श्रीवास्तव, आई.जी. पुलिस (से0नि0) ने वर्तमान समय मे छात्रों में उत्पन्न हो रही तनाव संबंधी समस्याओं के निवारण हेतु इस प्रकार के प्रशिक्षण के आयोजन की सराहना की।
स्कूल ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर डॉ अवधेश प्रताप सिंह ने प्रशिक्षण मे प्रतिभाग कर रहे सभी शिक्षकों को एक शिक्षक के लिए समय प्रबंधन एवं सृजनात्मक चिंतन के उपयोगी तथ्यों से उजागर कराया। इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार (डायट प्राचार्य), सुधीर कुमार (वरिष्ठ प्रवक्ता डायट), देवांकुर (रिसोर्स पर्सन) डॉ नेहा चौधरी, पूजा एवं समस्त स्टाफ गण मौजूद रहे।


















