गाजियाबाद। सवा लाख रुपये के लिए दोस्त को बंधक बनाकर फिरौती मांगने वाले चार दोस्तों को थाना मुरादनगर पुलिस ने घटना के 24 घंटे बाद ही गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। साथ ही युवक को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी दोस्तों ने पहले पार्टी के बहाने युवक को दिल्ली से मुरादनगर थाने के ओयो होटल में लेकर आए और फिर वहां पर बंधक बनाकर सवा लाख रुपये की फिरौती मांग करने लगे। रुपये नहीं देने पर जान से मारने तक की धमकी दे डाली। एसीपी मसूरी सिद्धार्थ गौतम ने बताया शुक्रवार को मुरादनगर थाने में संगम विहार दिल्ली निवासी पीड़ित लक्ष्मण ने थाने में शिकायत दी कि बुराड़ी दिल्ली निवासी उसके दोस्त आकाश झा पुत्र अजय को उसके साथियों ने मुरादनगर के एक होटल में बंधक बनाकर रखा हुआ है और सवा लाख रुपये की मांग कर रहे है।
रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी तक दे रहे है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी मुकेश सोंलकी और सर्विलांस की टीम गठित की गई। सर्विलांस के आधार पर मुरादनगर क्षेत्र के ओयो होटल रायल आर्बिट इन मनोटा में दबिश देकर आकाश झा को बंधक बनाने वाले दीपक पुत्र रामजी लाल निवासी ग्राम बखरबा मोदीनगर, आकाश पुत्र अजय कुमार निवासी संत नगर बुराडी तिमारपुर दिल्ली, संजय पुत्र शेखर निवासी हनुमानपुरी मोदीनगर और तरूण पुत्र राजेन्द्र निवासी गढ़ी हरसरू गुडग़ांव सेक्टर-10 हरियाणा को गिरफ्तार कर आकाश झा को सकुशल बरामद कर लिया गया। आकाश के कब्जे से एक पिस्टल-32 बोर की बरामद किया गया।
एसीपी ने बताया पकड़े गए आरोपी आकाश झा को पहले से जानते थे। सभी मिलकर ऑनलाइन गेमिंग ऐप पर गेम खेल कर पैसे कमाते थे। आकाश झा भी गेम खेलता था। आरोपियों को पैसे की जरुरत थी और उन्हें पता था कि आकाश झा के खाते में काफी पैसे है। चारों ने आकाश झा से रुपये लेने के लिए उसे दिल्ली से मुरादनगर पार्टी के बहाने बुलाया और फिर से मुरादनगर क्षेत्र के ओयो होटल रायल आर्बिट इन मनोटा में लेकर गए। उसके बाद वहां पर उसे पिस्टल के बल पर बंधक बना लिया और उसके परिवार को फोन कर सवा लाख रुपये देने की मांग। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जिनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
















