-कचहरी परिसर में चला चेकिंग अभियान, बगैर आईडी के कचहरी में घूम रहे लोगों से की गई पूछताछ
गाजियाबाद। क्षेत्र के साथ कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने चेकिंग की मुहिम छेड़ी हुई है। यह मुहिम कोई एक या दो दिन की नहीं है, बल्कि लगातार जारी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी सिटी के नेतृत्व में शनिवार को कविनगर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बगैर आईडी के कचहरी में घूम रहे लोगों से पूछताछ की गई। परिजनों द्वारा आईडी दिखाने पर उन्हें छोड़ दिया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने की बात कही। डॉग स्क्वॉड, सेबोटाज टीम, एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव, एसएचओ कविनगर योगेंद्र सिंह मलिक व फोर्स के साथ कचहरी परिसर में रेंडम चेकिंग की। इस चेकिंग के दौरान जहां डॉग स्क्वॉड व सेबोटाज टीम ने चप्पे-चप्पे की जांच की वहीं पुलिस बल ने हवालात, सीसीटीवी कैमरे, डीएफएमडी, सभी प्रवेशद्वार और वहां पर खड़े वाहनों को भी चेक किया।
इस दौरान दर्जनों लोगों से कचहरी में आने का कारण पूछा गया और संतोषजनक उत्तर न देने पर उनकी आईडी देखी गई। बम निरोधक दस्ते ने जगह-जगह चेकिंग की और लोगों को सुरक्षा का अहसास दिलाया। इसके साथ ही डॉग स्क्वायड ने भी कलेक्ट्रेट परिसर और कचहरी में अभियान चलाया। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह से चौकस है। कचहरी परिसर में चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। परिसर में सभी आने-जाने वाले गेटों पर पुलिसकर्मी तैनात कर सभी आने-जाने वाले लोगों की तलाशी सुनिश्चित कराई गई। परिसर में घूमते संदिग्ध लोगों से उनके आने का कारण पूछा गया और उनके नाम-पते का वेरिफिकेशन कराया गया। परिसर में खड़े वाहनों की तलाशी कराई गई। नियमानुसार पुलिसकर्मियों को चेकिंग अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया गया है। आगामी दिनों में सार्वजनिक स्थलों, पार्को, रोडवेज अड्डों और रेलवे स्टेशन आदि पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

















