-पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल के सहयोग से आयोजित शिविर में 164 मरीजों को दी गई दवाएं, ‘मेरा गांव, मेरा तीर्थ’ भाव के साथ ग्रामीण सेवा का आह्वान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी वार्ड संख्या 72, सेंट्रल पार्क रविवार को एक विशेष नि:शुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन डॉ. अनिल राघव (एम.डी. होम्योपैथी) और उनकी चिकित्सकीय टीम द्वारा पार्षद कुसुम गोयल तथा पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल के सहयोग से किया गया। इस चिकित्सा शिविर में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कराई और विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त किया। शिविर में कुल 164 मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
डॉ. अनिल राघव ने अपने संबोधन में प्राकृतिक चिकित्सा, रोगों की जड़ और रोकथाम की अवधारणा पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, बीमारी का इलाज जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है बीमारी को होने से रोकना। जब हम प्रकृति के साथ सामंजस्य में जीवन जीते हैं, तो रोग स्वत: दूर हो जाते हैं। उन्होंने मेरा गांव, मेरा तीर्थ के भाव से लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर समृद्ध परिवार को चाहिए कि वह अपने गांव के किसी एक निर्धन परिवार को गोद ले और उनके स्वास्थ्य, शिक्षा व जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास करे। डॉ. राघव ने सामाजिक, मानसिक और शारीरिक रोगों के समग्र उपचार की अवधारणा को विस्तार से समझाया और बताया कि किस प्रकार जागरूकता के माध्यम से संपूर्ण समाज को स्वस्थ बनाया जा सकता है।
पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि जनसेवा और स्वास्थ्य सेवा समाज की सबसे बड़ी जरूरत है। हम वार्ड स्तर पर लगातार प्रयास कर रहे हैं कि लोगों को जागरूक किया जाए और उन्हें उचित इलाज समय रहते उपलब्ध हो। इस तरह के शिविर न केवल इलाज का माध्यम बनते हैं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करते हैं। मैं डॉ. अनिल राघव और उनकी टीम का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने मानव सेवा को प्राथमिकता देते हुए आज इतने बड़े पैमाने पर यह शिविर आयोजित किया। इस शिविर में सुनील गांधी, राकेश कुमार जाखेटिया, दीपक गुप्ता, करवा के अध्यक्ष अजीत सिंह, महासचिव विनय महेश्वरी, जयपुरिया के अध्यक्ष के.एल. सचदेवा, वरिष्ठ अधिवक्ता कै.सी. कौशिक, गौरव वर्मा, मनीष जैन, अनुज अग्रवाल, हिमांशु गौड़, सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
















