राजनगर एक्सटेंशन में अतिक्रमण के खिलाफ जीडीए की कार्यवाही जारी, अवैध निर्माण ध्वस्त

-जीडीए प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से हटाए फुटपाथ और सड़क के अतिक्रमण, नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने शनिवार को राजनगर एक्सटेंशन में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए बुलडोजर से कई अवशेष अतिक्रमण हटाए। इस दौरान राजनगर रेजीडेंसी के पास स्थित एक शराब की दुकान की सील को दुकान संचालक ने तोड़ दिया, जिसके खिलाफ नंदग्राम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त आदेश पर शुक्रवार और शनिवार को दो दिन में प्रवर्तन टीम ने राजनगर एक्सटेंशन में चल रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और फुटपाथ तथा सड़क के हिस्सों पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाया। कार्रवाई के दौरान जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी और ओएसडी राजीव रतन सिंह ने सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला और अवर अभियंता इम्तियाज अहमद के साथ जीडीए पुलिस बल और नंदग्राम थाना पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर से अभियान का नेतृत्व किया। टीम ने वीवीआईपी मॉल के निकट, केडीपी गोल चक्कर और 24, 30 तथा 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर फुटपाथ और सड़क के हिस्से में किए गए अतिक्रमण को हटाया। मौके पर उपस्थित दुकानदारों और नागरिकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किया गया, तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

गौरतलब है कि राजनगर रेजीडेंसी के निकट संचालित शराब की दुकान को शुक्रवार को सील किया गया था, लेकिन शनिवार को दुकान संचालक ने जीडीए की सील को तोड़ दिया। इस मामले में जीडीए ओएसडी ने नंदग्राम थाने में दुकान संचालक के खिलाफ तहरीर देने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि दो दिन के भीतर सामान को स्वयं हटा लिया जाए, अन्यथा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, मोरटी गांव के नजदीक धर्मकांटा लगाने की कोशिश को भी प्रवर्तन टीम ने हटवाया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें कार्रवाई के मार्ग से हटा दिया। जीडीए प्रवर्तन टीम की यह कार्रवाई न केवल राजनगर एक्सटेंशन में अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए है, बल्कि नगर की फुटपाथ और सड़कें नागरिकों के उपयोग के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में भी अहम कदम है।

जीडीए प्रवर्तन टीम का कहना है कि हमारा उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शहर के नियमों का पालन हो और नगरवासियों को सड़कें, फुटपाथ और सार्वजनिक जगहें सुरक्षित रूप से उपलब्ध हों। कोई भी व्यक्ति या दुकान संचालक नियमों का उल्लंघन नहीं कर सकता। नगरवासियों ने जीडीए की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण सड़कें और फुटपाथ अव्यवस्थित हो चुके थे, जिससे पैदल चलने और वाहनों के लिए भारी परेशानी थी। जीडीए की इस कार्रवाई से नागरिकों को राहत मिलेगी और शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित होगा।