-उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के आदेश पर प्रवर्तन जोन-1 ने अनाधिकृत कॉलोनियों में किया व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान
-मेरठ रोड और द्रोणाचार्य रोड पर अवैध निर्माणों को बुलडोजर से किया ध्वस्त, मोरटी धर्मकांटा भी हटाया गया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। जीडीए उपाध्यक्ष श्री नंद किशोर कलाल के स्पष्ट निर्देशों के तहत सोमवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने प्रभारी अधिकारी एवं ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में अनधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोज़र से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस अभियान में सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला और अवर अभियंता इमित्याज अहमद सहित जीडीए पुलिस बल तैनात रही।
इस अभियान के तहत मेरठ रोड स्थित संस्कार वर्ल्ड स्कूल के निकट कालोनाइजर द्वारा विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी में बुलडोज़र के माध्यम से सभी सड़कें, कमरे, भूखंडों की बाउंड्रीवाल और खंभे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिए गए। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से चल रहे मोरटी धर्मकांटा को भी हटाया गया। इसी क्रम में द्रोणाचार्य रोड पर पिछले तीन वर्षों से विकसित की जा रही दो अन्य अनधिकृत कॉलोनियों में पुन: निर्माण किए जाने की शिकायत पर तत्काल बुलडोज़र से ध्वस्तीकरण किया गया। इन कॉलोनियों में खसरा संख्या 85 भी शामिल है।
ध्वस्तीकरण के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। हालांकि, जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को काबू में रखते हुए टीम ने बुलडोज़र अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और कार्य पूरी तरह सुचारू रूप से संपन्न हुआ। गौरतलब है कि जीडीए ने पहले भी इन अवैध कॉलोनियों को लेकर नंदग्राम थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी और स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को सूचना दी थी कि किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या निर्माण न किया जाए। इसके बावजूद अवैध निर्माण जारी रहा, जिसे देखते हुए प्रशासन ने बुलडोज़र अभियान की योजना बनाई। जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनधिकृत कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र की स्वीकृति और वैधता की जांच अवश्य करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर के सुनियोजित विकास को बनाए रखने के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने कहा कि गाजियाबाद शहर के सुनियोजित विकास और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर अवैध निर्माणों और कॉलोनियों के निर्माण की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्राधिकरण की टीम समय-समय पर निरीक्षण करती रहेगी और किसी भी अनधिकृत निर्माण को तुरंत ध्वस्त करने के निर्देश जारी रहेंगे।
















