नवीपुर-सुल्तानपुर में 70 हजार वर्ग मीटर में 3 अवैध कॉलोनी को जीडीए ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को लेकर सख्ती के चलते अब प्राधिकरण की टीमों द्वारा लगातार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त की कार्रवाई जारी हैं। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार की अगुआई में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार एवं जीडीए पुलिस और मुरादनगर थाना पुलिस की मौजूदगी में 70 हजार वर्गमीटर में काटी जा रही 3 अवैध कॉलोनियों में सड़क,साईट ऑफिस व कमरे आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी लवकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र के गांव नवीपुर बंबा के पास दयानंद और विनोद द्वारा लगभग 20 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी काटी जा रही है।

वहीं,गांव सुल्तानपुर रोड मुरादनगर में अरुण की लगभग 30 हजार वर्गमीटर और शिवजीत की नवीपुर बंबा,मुरादनगर में लगभग 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में कुल मिलाकर तीनों अवैध कॉलोनी 70 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में काटी जा रही हैं। इन तीनों अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क,विद्युत पोल व कमरे आदि को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर व निर्माण कर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस फोर्स ने लाठी फटकार कर उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद पुलिस फोर्स ने  स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वह अनाधिकृत कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें।