शालीमार गार्डन में अवैध बिल्डिंग में बने कमरे व छत को जीडीए ने किया ध्वस्त

गाजियाबाद। जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत साहिबाबाद क्षेत्र के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1में बनाई गई बिल्डिंग में कमरे को बुलडोजर चलाकर एवं हथौड़ा चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह बड़ी कार्रवाई की गई। बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम की अगुआई में सहायक अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने अवर अभियंता राजेश कुमार शर्मा,रमाकांत तिवारी एवं जीडीए पुलिस और शालीमार गार्डन पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

जोन के प्रभारी प्रशांत गौतम ने बताया कि जोन क्षेत्र में शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में भूखंड संख्या-550 में समीर सैफी,मोहम्मद अरशद,यूसुफ ने जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत अवैध रूप से बनाई बिल्डिंग में कमरों का निर्माण एवं अतिरिक्त स्लैब डालने के बाद बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं, बिल्डिंग की छत को हथौड़ा चलवाकर कटर से सरिए काटे गए। इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें वहां से फटकार कर खदेड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों को भी अवगत कराया गया कि यह भवन अवैध रूप से बनाया जा रहा था। इसमें कोई भी मकान,फ्लैट क्रय न करें।