उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को साहिबाबाद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नक्शा पास कराए किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर की गई, जिन्होंने अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी अधिशासी अभियंता आलोक रंजन के निर्देशन में सहायक अभियंता सुरजीत और अवर अभियंता महेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में दुर्गा एन्क्लेव, साहिबाबाद स्थित भूखंड संख्या 1 और 2 पर बिल्डर मनीष राणा पुत्र बलवीर सिंह राणा द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर हथौड़ा चलवाया।
जीडीए प्रवर्तन टीम ने मौके पर निर्माण कार्य को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया और टीम को निर्देशित किया गया कि बिल्डर की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही बिल्डर को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस स्थान पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण दोबारा न किया जाए। जीडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण की ओर से साफ कर दिया गया है कि बिना अनुमोदन के किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
















