-नगर निगम तैयार कर रहा है गाजियाबाद का पहला आधुनिक उपवन
-चार माह में बनकर होगा तैयार, लोगों को मिलेगी टहलने, व्यायाम और बच्चों के खेलने की सुविधा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहरवासियों को हरियाली और ताजी हवा का तोहफा देने की दिशा में नगर निगम ने ऐतिहासिक पहल की है। गांव महरौली में गाजियाबाद का पहला उपवन तैयार कराया जा रहा है। यह उपवन अगले चार माह में पूरी तरह से बनकर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। निगम का दावा है कि यह उपवन सिर्फ हरियाली ही नहीं बढ़ाएगा, बल्कि स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस उपवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां युवाओं के लिए ओपन जिम लगाया जाएगा, ताकि वे प्राकृतिक वातावरण में व्यायाम कर सकें। वहीं बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए फुटपाथ बनाए जा रहे हैं, जिससे सुबह-शाम आराम से टहल सकें। बच्चों के लिए खेल का अलग मैदान और झूले की व्यवस्था की जा रही है, जिससे पूरा परिवार यहां आकर समय बिता सके।
नगर निगम उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि उपवन में हर प्रकार के पेड़-पौधे और रंग-बिरंगे फूल लगाए जाएंगे। इससे न केवल पर्यावरण की खूबसूरती बढ़ेगी बल्कि वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी। पौधों की नियमित सिंचाई के लिए नलकूप लगाया जाएगा और देखभाल हेतु माली भी तैनात किए जाएंगे। शुरुआत में निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी थी, लेकिन अब इसे गति दे दी गई है। डॉ. अनुज कुमार सिंह का कहना है कि मिट्टी का भराव पूरा कर लिया गया है और अगले चार महीने में उपवन जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। आसपास के लोग यहां टहलने, कसरत करने और बच्चों के साथ खेलने आ सकेंगे।
महरौली के साथ-साथ विजयनगर क्षेत्र में भी उपवन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। हाल ही में सेना की जमीन को रक्षा संपदा विभाग ने अतिक्रमण से मुक्त कराया है। नगर निगम इस जमीन पर उपवन तैयार करने की योजना बना रहा है। इसके लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है, जिसे मंजूरी के लिए प्रदेश शासन को भेजा जाएगा। नगर निगम का कहना है कि उपवन परियोजनाएँ केवल हरियाली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शहर की स्वच्छता, सुंदरता और नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। यह उपवन गाजियाबाद की पहचान को नई ऊँचाई देगा और आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ, हरा-भरा वातावरण उपलब्ध कराएगा।
















