-अवैध तंदूर-भट्टियां हटाई गईं, गंदगी फैलाने वालों पर ताबड़तोड़ जुर्माना-7 लाख से अधिक वसूली
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वायु गुणवत्ता में निरंतर गिरावट के बीच नगर निगम ने शुक्रवार को इंदिरापुरम तथा वसुंधरा जोन में बड़े स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण अभियान छेड़ दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में दौरा कर अवैध रूप से चल रहे तंदूर, भट्टियां, धुआं फैलाने वाले उपकरण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। कई स्थानों पर जेसीबी लगाकर अवैध तंदूर और भट्टियों को हटाया गया, जबकि प्रतिबंधित प्लास्टिक इस्तेमाल करने वालों से भारी जुर्माना वसूला गया। नगर निगम के वसुंधरा जोन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक, अवैध अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और वायु प्रदूषण बढ़ाने वाले उपकरणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2,29,000 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया।
टीम ने इंदिरापुरम के शक्ति खंड, अहिंसा खंड और आसपास के क्षेत्रों में अवैध तंदूरों को जेसीबी से हटाकर बंद कराया। अवैध निर्माण और खुले में चल रही भट्टियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग, सेनेटरी टीम और फूड इंस्पेक्टरों ने संयुक्त रूप से अभियान को आगे बढ़ाया। मौके पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एवं जोनल प्रभारी एस.के. राय, सेनेटरी एवं फूड इंस्पेक्टर अशोक तथा निगम की अन्य टीमें मौजूद रहीं। नगर निगम के अनुसार केवल नवंबर माह में वसुंधरा जोन में प्रदूषण नियंत्रण अभियान के दौरान 7 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला जा चुका है, जो प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संकेत है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि वायु प्रदूषण को रोकना केवल सरकार या निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें व्यापारी वर्ग, दुकानदार और स्थानीय नागरिक भी सहभागी बनें। उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें, दुकानों के आसपास नियमित सफाई रखें और धूल नियंत्रण के लिए पानी छिड़काव कराएं। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वायु गुणवत्ता सुधार को नगर निगम ने ‘महा अभियान’ के रूप में पूरे शहर में लागू किया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी जोनों में सक्रिय हैं और उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई कर रही हैं। विजयनगर जोन ने प्रदूषण नियंत्रण व सफाई अभियान के दौरान 1,45,000 रुपये का जुर्माना वसूला।
कवि नगर जोन ने प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाते हुए 12,000 रुपये का जुर्माना लगाया। मोहन नगर जोन में वायु गुणवत्ता सुधार की कार्रवाई के दौरान 19,000 रुपये वसूले गए। सिटी जोन में गंदगी फैलाने वालों पर 60,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इन लगातार चल रहे अभियानों से स्पष्ट है कि नगर निगम स्वास्थ्य विभाग, सफाई विभाग और पर्यावरण प्रकोष्ठ मिलकर वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए हैं। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित पानी छिड़काव करें, कूड़ा न फैलाएं, अनावश्यक धुआं न करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक की जगह पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का प्रयोग करें। विभाग का कहना है कि वायु गुणवत्ता सुधार तभी संभव है जब शहर का हर नागरिक जिम्मेदारी के साथ सहयोग करे।

















