-पार्षद कुसुम मनोज गोयल के नेतृत्व में मिल रहा पूरा सहयोग, समाजसेवी भी आगे आए
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को मजबूत बनाने के लिए वार्ड 72 कौशांबी-वैशाली क्षेत्र में बूथ लेवल अफसर लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। हर सोसाइटी, हर टावर और हर ब्लॉक में जाकर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के नाम जोडऩे, संशोधन और सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पूरे अभियान की निगरानी और सहयोग में वार्ड 72 की पार्षद कुसुम मनोज गोयल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक का वोट दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए वह एसआईआर अभियान को सफल बनाने में हर संभव सहयोग कर रही हैं। क्षेत्रीय निवासियों को भी मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान को गति देने में नगर निगम के सफाई नायक विनोद कुमार भी सक्रिय रूप से जुड़कर सहयोग कर रहे हैं। क्षेत्र में साफ-सफाई और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि बीएलओ को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अभियान सुगमता से चल सके। शुक्रवार को कौशांबी स्थित कंचनजंगा टावर में भी एसआईआर अभियान के तहत नाम जुड़वाने और सत्यापन संबंधी कार्य तेज गति से हुआ। इस दौरान वहां के समाजसेवी आलोक माथुर और शिवकुमार भारद्वाज ने भी मैदान में उतरकर बीएलओ टीम का सहयोग किया।
दोनों समाजसेवियों ने निवासियों को प्रक्रिया की जानकारी देकर उन्हें सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय निवासियों ने पार्षद और टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से ज्यादा से ज्यादा नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ पाएंगे। एसआईआर अभियान के तहत वार्ड 72 में अगले कुछ दिनों तक निरंतर कार्य चलाया जाएगा, जिसमें नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर रहेगा।

















