गाजियाबाद को मिलेगा सांस्कृतिक सौगातों से सजा रामायण थीम पार्क

-22.50 करोड़ की लागत से कोयल एंक्लेव में विकसित होगा अत्याधुनिक सांस्कृतिक परिसर, मिलेगा नया पर्यटन केंद्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) शहरवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा तोहफा लेकर आ रहा है। जीडीए की कोयल एंक्लेव योजना में 22.50 करोड़ रुपए की लागत से भव्य “रामायण थीम पार्क” का निर्माण किया जाएगा। यह पार्क न सिर्फ गाजियाबाद के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनाएगा, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की गौरवगाथा को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत भी करेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की दूरदृष्टि और पहल पर रामायण थीम पार्क का सपना अब साकार होने की ओर है। उनका मानना है कि यह परियोजना एनसीआर क्षेत्र में अपनी तरह की पहली सांस्कृतिक संरचना होगी, जो आने वाली पीढिय़ों को रामायण के आदर्शों और मूल्यों से जोड़ेगी। वत्स ने कहा कि यह पार्क सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि संस्कार और संस्कृति का केंद्र बनेगा, जो सामाजिक चेतना और भारतीय परंपरा को आधुनिक संदर्भों में प्रस्तुत करेगा। रामायण थीम पार्क को कोयल एंक्लेव योजना में 5.61 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यह स्थान अब सांस्कृतिक महत्ता का केंद्र बनने जा रहा है। गुरुवार को जीडीए के अधिशासी अभियंता राजीव सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा की।

आधुनिक तकनीक से सजी पौराणिक अनुभूति
इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत होगी इसका भारतीयता से भरपूर विषयवस्तु और अत्याधुनिक तकनीक का समन्वय। दर्शकों को रामायण के युग में ले जाने के लिए निम्नलिखित आकर्षण शामिल किए जाएंगे:

• 5डी मोशन चेयर थिएटर – रामायण के प्रमुख प्रसंगों को रोमांचकारी अनुभव के साथ दिखाया जाएगा।
• मिरर हाउस और होलोग्राफिक प्रोजेक्शन – तकनीक से युक्त डिजिटल अनुभव।
• लाइट एंड साउंड शो – सांझ होते ही रामायण के पात्रों की आवाजें और घटनाएं जीवंत हो उठेंगी।
• 15 प्रमुख रामायण पात्रों की मूर्तियां और कुल 45 कलात्मक प्रतिष्ठान- धार्मिक आस्था और कलात्मक उत्कृष्टता का मेल।

टेंडर प्रक्रिया पूरी, 10 वर्षों तक एजेंसी को संचालन की जिम्मेदारी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने रामायण थीम पार्क के निर्माण, संचालन और अनुरक्षण के लिए पात्र एजेंसी का चयन कर लिया है। यह एजेंसी आगामी 10 वर्षों तक पार्क की देखरेख और संचालन का दायित्व निभाएगी।

गाजियाबाद को मिलेगा नया पर्यटन केंद्र
रामायण थीम पार्क के तैयार हो जाने पर गाजियाबादवासियों को मिलेगा एक नया आकर्षण केंद्र। धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक पर्यटन को एक साथ जोडऩे वाला यह स्थल शहर की पहचान और गरिमा को नए स्तर पर ले जाएगा।

अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष (वीसी)

रामायण थीम पार्क केवल एक मनोरंजन स्थल नहीं होगा, यह भारतीय संस्कृति और आदर्शों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। हमारा उद्देश्य गाजियाबाद को न केवल शहरी विकास में अग्रणी बनाना है, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता का भी केंद्र बनाना है। यह पार्क तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम होगा, जिससे लोग न केवल जुड़ाव महसूस करेंगे बल्कि गर्व भी करेंगे।
अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष