सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का ऐतिहासिक उत्सव

-तिरंगे की शान, सांस्कृतिक विविधता और देशभक्ति के जज़्बे से गूंजा विद्यालय परिसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सिल्वरलाइन प्रेस्टिज स्कूल में शुक्रवार को ऐसा भव्य और गरिमामय आयोजन हुआ, जिसने देशभक्ति, एकता और सांस्कृतिक विविधता की अनूठी मिसाल पेश की। कार्यक्रम ने विद्यालय के हर कोने को तिरंगे की शान, राष्ट्रभक्ति की उमंग और भारत की सांस्कृतिक रंगत से सराबोर कर दिया। सुबह का आगाज़ राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुआ। माननीय चेयरमैन डॉ. सुभाष जैन, आदरणीया श्रीमती बबीता जैन, विद्यालय प्रबंधन समिति, रोटरी क्लब ऑफ गाजि़याबाद स्मार्ट सिटी की अध्यक्षा रो. भारती गर्ग और क्लब के गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को और भी गौरवपूर्ण बना दिया। जैसे ही तिरंगा शान से लहराया, सभी ने पूरे जोश और एकता के साथ राष्ट्रगान गाकर वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

देशभक्ति गीतों और बैंड डांस ने बांधा समां
ध्वजारोहण के बाद कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर देशभक्ति गीतों से हुई, जिसने सभी के दिलों को छू लिया। विद्यालय के बैंड ग्रुप ने शानदार तालमेल और ऊर्जा से भरपूर बैंड डांस पेश कर पूरे माहौल को उल्लास और गर्व से सराबोर कर दिया।

ओजस्वी कविता और लोकनृत्य में झलकी भारतीयता
छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ओजस्वी कविता ने भारत की स्वतंत्रता, वीरता और उपलब्धियों का जीवंत चित्र उपस्थित कर दिया। हर पंक्ति ने श्रोताओं के मन में गर्व और सम्मान की भावना को और गहरा कर दिया। इसके बाद विभिन्न राज्यों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और अनेकता में एकता के अद्भुत संगम को मंच पर जीवंत कर दिया। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक संगीत और लयबद्ध नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान – ‘इंद्रशील पुरस्कार’
समारोह के दौरान सत्र 2024-25 के कक्षा 10 और 12 के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित “इंद्रशील पुरस्कार” प्रदान किए गए। साथ ही, एस.ओ.एफ. अचीवर प्रमाणपत्र देकर छात्रों के ज्ञान और उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान किया गया। इस सम्मान ने छात्रों के उत्साह को और भी बढ़ा दिया। डॉ. जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि देश की आज़ादी अनगिनत बलिदानों से मिली है। हमें इसे संजोकर रखने के लिए निष्ठा, अनुशासन और सतत प्रयास को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का ऐसा निर्माण करना है, जिससे हम समाज और राष्ट्र के लिए उपयोगी सिद्ध हों।
नमन जैन ने गर्व के साथ कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने शैक्षिक और सांस्कृतिक दोनों क्षेत्रों में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह प्रेरणादायक है।

आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि सिल्वरलाइन के छात्र न केवल पढ़ाई में बल्कि कला और संस्कृति में भी उत्कृष्ट हैं। उनकी देशभक्ति और उत्साह सराहनीय है। समापन अवसर पर डॉ. गीता जोशी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिवस हमें केवल देशभक्ति का भाव नहीं देता, बल्कि हमें प्रेरित करता है कि हम आने वाली पीढिय़ों को भी यही भावना सौंपें। सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम अविस्मरणीय बन पाया। समारोह के अंत में राष्ट्रगान और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा विद्यालय गूंज उठा। यह दिन सभी के हृदय में देश के प्रति गर्व, सम्मान और एकता की भावना को और प्रगाढ़ कर गया।