हमारे युवा स्वस्थ रहेंगे तो देश का भविष्य भी स्वस्थ व मजबूत होगा: अनुराग सिंह ठाकुर

-केन्द्रीय मंंत्री ने किया यशोदा हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट वसुंधरा का शुभारंभ

गाजियाबाद। भारत को विकसित बनाने के लिए उसकी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विकसित होना उतना ही जरूरी है। जब भारत के लोगों को इलाज के लिए आधुनिक अस्पताल मिलेंगे, आधुनिक सुविधाएं मिलेंगीं, तो वो और जल्दी स्वस्थ होंगे, उनकी ऊर्जा सही दिशा में लगेगी। उक्त बातें बुधवार को यशोदा हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ करते हुए केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहीं। उन्होंने कहा अच्छे हेल्थकेयर सिस्टम का मतलब सिर्फ चार दीवारें बनाना नहीं होता। किसी भी देश का हेल्थकेयर सिस्टम तभी मजबूत होता है, जब वो हर तरह से समाधान दे, कदम-कदम पर उसका साथ दे। निरंतर 33 वर्षों से समाज को उन्नत चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ यशोदा अस्पताल समूह ने वंसुधरा में यशोदा हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ हुआ है। जिसका लाभ लोगों को मिलेगा।

केन्द्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ जनरल वीके सिंह एवं यशोदा अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ रजत अरोड़ा की मौजूदगी में अस्पताल का शुभारंभ किया। प्रबंध निदेशक डॉ रजत अरोड़ा ने केन्द्रीय मंत्री एवं केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं महंत नारायण गिरी महाराज का फूलों का गुलदस्तां भेंट कर स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा मोदी सरकार की प्राथमिकता है कि 140 करोड़ भारतवासियों को स्वास्थ्य की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में यशोदा अस्पताल अपनी सेवाओं के माध्यम से इस लक्ष्य को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि वसुंधरा में यशोदा अस्पताल एवं कैंसर इंस्टिट्यूट के शुरू हो जाने पर न सिर्फ साहिबाबाद, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बल्कि दिल्ली एनसीआर के मरीजों और खासतौर पर यमुनापार क्षेत्र के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, ऐसा उन्हें भरोसा है। हम सभी जानते हैं कि भारत युवाओं का देश है। भारतीय युवा जहां खेलों में विश्व-स्तरीय प्रतियोगिता में तिरंगा लहरा रहे हैं, वही आईटी और विज्ञान के क्षेत्र में भी नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। ऐसे में सरकार के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का दायित्व बन जाता है कि वे सभी उपाय किए जाएं जिससे युवा-शक्ति स्वस्थ रहे। हमारे युवा स्वस्थ रहेंगे तो देश का भविष्य भी स्वस्थ, सुंदर और मजबूत होगा। यशोदा अस्पताल जैसे संस्थान इस क्षेत्र में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। इससे हम निरंतर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ वीके सिंह ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि यशोदा अस्पताल दिल्ली एनसीआर के इस महत्वपूर्ण शहर गाजियाबाद में जहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, वही दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाकर लोगों को लाभ पहुंचा रहा है। भूकंप आदि प्राकृतिक दुर्घटनाओं के चलते कई स्थानों पर यशोदा अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य-संबंधी सहायता पहुंचाई जाती हैं। यशोदा अस्पताल समूह के अध्यक्ष, डॉ दिनेश अरोड़ा ने मंच पर उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का विनम्र अभिनंदन करते हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल य सांसद, मेयर आशा शर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, मोदीनगर विधायक डॉ मंजू शिवाच, लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, एमएलसी दिनेश गोयल उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन राज कौशिक ने किया। इस मौके पर डॉ (ब्रिगेडियर) अरविंद कुमार त्यागी, डायरेक्टर, यशोदा कैंसर इंस्टिट्यूट ने सभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रबुद्धजनों को धन्यवाद अर्पित किया।