-टैंकर चालक की मिलीभगत से करते थे पेट्रोल चोरी, स्पिरिट मिलाकर पंप पर करते थे सप्लाई
-12 लाख का पेट्रोल और दो लाख की स्प्रिट समेत चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
उदय भूमि
लखनऊ। जिले में अवैध शराब के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के बीच एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ तथा अवैध रूप से तस्करी की गई स्पिरिट से भरी गाड़ी को जब्त किया है। साथ ही पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी इतने शातिर है कि टैंकर ड्राइवर और तस्कर मिलकर पेट्रोल पंप मालिक और ग्राहकों को चूना लगा रहे है। टैंकर ड्राइवर बड़े ही चालाकी से तस्करों को पेट्रोल उपलब्ध करवा रहे हैं। तस्कर टैंकर ड्राइवर द्वारा उपलब्ध पेट्रोल को मिलावट कर बाजारों में बेच रहे हैं। अगर आप पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीद रहे है तो इसकी कोई गारंटी नहीं है कि वह शुद्ध पेट्रोल है। पकड़े गए आरोपियों से बरामद स्प्रिट का दुरुपयोग अवैध शराब के इस्तेमाल में हो, इसे भी अनदेखा नहीं किया जा सकता है। जिले में अवैध शराब के बीच अब तस्करों अपने धंधे को चमकाने के लिए हर दिन कोई नई तरकीब भिड़ा रहे है। टैंकर से पेट्रोल चोरी करने के बाद उतना ही टैंकर में स्प्रिट मिला देते थे। जिससे वह पकड़ में न आए और ड्राइवर भी उसी मिश्रित पेट्रोल को पेट्रोल पंप पर सप्लाई कर देते थे और टैंकर से निकाला गया पेट्रोल सस्ते दामों में आगे लोगों को बेचने का काम करते थे। इससे पहले ही आबकारी विभाग पेट्रोल चोरी की घटना का खुलासा कर चुका है।
जिसमें पेट्रोलियम कंपनी और शराब कंपनियों को लाखों का चूना लगाने के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया था। अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि बरामद स्पिरिट कहां से लेकर आए थे। पहले आबकारी विभाग की टीम ने एक जगह पर छापेमारी की और उसके कुछ देर बाद दूसरी जगह पर भी छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टैंकर से भरे पेट्रोल, स्प्रिट से भरे ड्रम, गाड़ी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिनके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये का पेट्रोल और दो लाख रुपये की स्प्रिट बरामद किया गया। पकड़े गए लोगों से आबकारी विभाग और पुलिस की टीम के साथ खाद्य विभाग भी पूछताछ में जुट गया है। क्योंकि पेट्रोल चोरी और स्पिरिट का मामला सामने आने के बाद ही दोनों विभाग में हड़कंप मच गया। क्योंकि जब तस्कर स्प्रिट का प्रयोग पेट्रोल के मिश्रण में कर सकते है तो कहीं न कहीं अवैध शराब के इस्तेमाल में भी हो, इसका भी अंदेशा जताया जा रहा है। मगर आबकारी विभाग की टीम ने अपने कार्रवाई से यह एक बार फिर साबित कर दिया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार से संबंधित कोई भी चीज हो, उसका जिले में दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं होगा।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन व बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं चेकिंग कर रही है। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली जिले में अवैध रुप से स्प्रिट की तस्करी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की गई। जिसमें आबकारी निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, अभिषेक सिंह, रिचा सिंह, विवेक सिंह, कौशलेंद्र रावत, सुभाष चंद की संयुक्त टीम गठित की गई और अवैध स्पिरिट की तस्करी की सूचना के दृष्टिगत थाना आशियाना क्षेत्र में सेक्टर ओ मानसरोवर एरिया में घेराबंदी की गई। चालक और कर्मचारियों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए टीम ने कुछ दूर पहले अपना मोर्चा संभाल लिया। मौके पर पहले कुछ पेट्रोलियम टैंकर तिरपाल से ढके हुए खड़े हुए थे। कुछ देर बाद दो छोटे वाहन मौके पर पहुंचे। उसके बाद जैसे ही टीम ने छापा मारा तो भगदड़ मच गई। टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी निशानदेही पर 8 ड्रमों में लगभग 1600 लीटर स्पिरिट और टैंकर व दो ड्रमों से 12000 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ, दो छोटे कमर्शियल वाहन, एक टैंकर (पेट्रोलियम पदार्थ युक्त) व एक दो पहिया वाहन बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदर्श सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ग्राम रतनपुर पोस्ट अहिरौला आजमगढ़, मुंशीलाल पुत्र स्वर्गीय साहब लाल निवासी सादिकपुर खंडवारी पोस्ट सहारा मऊ उन्नाव, रामकुमार शर्मा पुत्र स्वर्गीय सोने लाल शर्मा निवासी गांधीनगर शुक्लागंज उन्नाव और देवांश शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा निवासी गांधी नगर शुक्लागंज आप गंगाघट उन्नाव के रुप में हुई है। वहीं मौके से अभिषेक यादव, मोहित यादव, विशाल यादव, अमित सिंह और जितेंद्र कुशवाहा फरार मिले। फरार आरोपी भी उक्त कार्य में संलिप्त पाए गए। इसके अलावा दुसरी टीम आबकारी निरीक्षक शिखर मल, अखिल कुमार गुप्ता और अभिषेक सिंह की संयुक्त टीम द्वारा अल्लू नगर डगरिया थाना सैदपुर में छापेमारी की गई। जहां पर मौके से 11 ड्रमों में लगभग 2080 लीटर स्प्रिट व 6 ड्रमों में लगभग 880 लीटर पैट्रोलियम पदार्थ बरामद किया गया। मौके से आरोपी कल्लू यादव पुत्र लाल बहादुर यादव ग्राम मानखेड़ा पोस्ट घैला मडिय़ांव लखनऊ को गिरफ्तार किया गया।
रिंकू यादव पुत्र राजू यादव ग्राम मानखेड़ा मडिय़ांव मौके से फरार हो गया। उक्त दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पैट्रोलियम पदार्थ से संबंधित नियमानुसार कार्यवाही पूर्ति विभाग ने शुरु कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया आरोपियों से बरामद दो हजार 80 लीटर पेट्रोल की कीमत करीब 12 लाख 19 हजार 92 रुपए है और 3 हजार 680 लीटर स्प्रिट की कीमत करीब दो लाख 20 हजार 800 रुपये है। उन्होंने बताया पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि वह पेट्रोल चोरी कर उसमें उतना स्प्रिट मिला देते थे। स्प्रिट कहां से लेकर आए है, इसमें कुछ लोगों के नाम सामने आए है, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ यह पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है बरामद स्पिरिट का उपयोग अवैध शराब के इस्तेमाल में तो नहीं कर रहे है। जिसकी जांच की जा रही है।


















